जानकारी के मुताबिक, बुधवार को सांसद इकरा हसन अपने समर्थकों के साथ सहारनपुर स्थित डीआईजी कार्यालय पहुंची थीं। इसी दौरान बड़ी संख्या में समर्थक सड़क पर जमा हो गए। आरोप है कि समर्थकों ने मुख्य सड़क पर जाम लगा दिया और जोरदार नारेबाजी शुरू कर दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सड़क पर लंबा जाम लगने से आम लोगों को काफी परेशानी हुई। कई वाहन घंटों तक फंसे रहे और यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया. मौके पर पुलिस बल भी तैनात करना पड़ा।
पुलिस ने लगाए ये बड़े आरोप
सिविल लाइन चौकी प्रभारी की तहरीर पर सदर बाजार थाने में एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस ने मामले में कई गंभीर धाराएं लगाई हैं .आरोप है कि प्रदर्शन के दौरान सरकारी कामकाज में बाधा डाली गई, सार्वजनिक रास्ता रोका गया और निषेधाज्ञा का उल्लंघन किया गया।
पुलिस का कहना है कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी. वहीं, मामले की वीडियो रिकॉर्डिंग और सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं ताकि अन्य लोगों की पहचान की जा सके।
इस कार्रवाई के बाद सहारनपुर और आसपास के इलाकों में राजनीतिक माहौल गरमा गया है। समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं में नाराजगी देखी जा रही है। पार्टी नेताओं का कहना है कि विरोध प्रदर्शन लोकतांत्रिक अधिकार है, जबकि पुलिस का दावा है कि कानून हाथ में लेने की इजाजत किसी को नहीं दी जा सकती। अब इस मामले को लेकर प्रशासन और सपा नेताओं के बीच बयानबाजी तेज होने की संभावना है।

