मुंबई के लालबाग इलाके में गणेश उत्सव के दौरान 25 वर्षीय युवक की अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद मौत हो गई। घटना 17 सितंबर की है। जयदीप मेघराज नेमाडे (25), निवासी बावधन, पुणे, लालबाग बिल्डिंग नंबर 3 में अपने दोस्तों के साथ बैठे थे। इसी दौरान उन्हें अचानक अस्वस्थ महसूस होने लगा और उनकी तबीयत बिगड़ गई।
जयदीप की तबीयत खराब होने की जानकारी मिलने के बाद लालबाग गणेश उत्सव मंडल के
पदाधिकारियों ने एंबुलेंस की मदद से उन्हें ग्लोबल अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने उनका इलाज शुरू किया, लेकिन इलाज के दौरान हार्ट अटैक से उनकी मौत हो गई। यह चौंकाने वाली घटना 17 सितंबर की रात 11.40 बजे हुई।
जयदीप, जलगांव में शिरसोली रोड पर जीवनमोती सोसाइटी में रहने वाले नेमाड़े ट्रांसपोर्ट के डायरेक्टर मेघराज सुभाष नेमाड़े का इकलौता बेटा था. मैकेनिकल इंजीनियरिंग और MBA के बाद वह पुणे में नौकरी कर रहा था। हर साल की तरह वह अपने दोस्तों के साथ ‘लालबाग के राजा’ के दर्शन के लिए मुंबई गया था. 17 सितंबर को दर्शन के लिए लाइन में इंतजार करते समय उसकी तबीयत खराब होने लगी और उसे सांस लेने में दिक्कत होने लगी, जिसके बाद उसकी मृत्यु हो गई।
पुलिस ने आकस्मिक मृत्यु के तहत किया मामला दर्ज
जयदीप की मां की मौत 12 साल पहले हो गई थी और अब परिवार में जयदीप के पिता मेघराज ही बचे हैं। पोस्टमार्टम के बाद बॉडी को जलगांव भेज दिया गया। आज सुबह 10 बजे उनका अंतिम संस्कार किया गया। इस मामले में कालाचौकी पुलिस थाने में आकस्मिक मृत्यु क्रमांक 63/2026 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के मुताबिक, मृतक के परिजनों की ओर से किसी तरह की शिकायत या संदेह व्यक्त नहीं किया गया है। फिलहाल पुलिस इस आकस्मिक मृत्यु के मामले में आगे की जांच कर रही है।

