Site icon Thenews15.in

जेसीबी की सहायता से पालिका प्रशासन ने फल मंडी में चलाया अतिक्रमण हटाओ अभियान

बिजनौर । नगर में बढ़ते अतिक्रमण को रोकने के लिए नगर पालिका परिषद ने फल मंडी इलाके में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया । अभियान में मुख्य चौराहे से सदर बाजार तिराहे तक दोनों ओर से जेसीबी की सहायता से अस्थाई व स्थाई अतिक्रमण को हटवाया गया । अतिक्रमण हटने से लोगों ने राहत की सांस ली।

सोमवार को नगर पालिका परिषद बिजनौर के अधिशासी अधिकारी विकास कुमार के नेतृत्व में नगर पालिका के कर निरीक्षक सुंदरलाल , सफाई निरीक्षक गोविंद चौधरी, अवर अभियंता सिविल यशवंत सिंह तथा अवर अभियंता जलकल गौरव शर्मा ने साथ मिलकर अतिक्रमण हटाने की शुरुआत फल मंडी में की, अभियान में जेसीबी से अस्थाई अतिक्रमण में लोहे के खोके हटाए गए,इस दौरान कुछ दुकानदारों ने विरोध भी किया, लेकिन पालिका प्रशासन व पुलिस के सामने शांत हो गये।
अभियान के दौरान फल मंडी में सड़क के दोनों ओर से स्थाई व अस्थाई अतिक्रमण को हटाया गया, साथ ही अतिक्रमण करने वालों को चेतावनी दी गई की पुन अतिक्रमण करने पर उनके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी,साथ ही प्रतिदिन के हिसाब से जुर्माना भी वसूला जायेगा । अधिशासी अधिकारी विकास कुमार ने बताया कि अतिक्रमण अभियान लगातार चलाया जाएगा ताकि नगर में यातायात की कोई समस्या ना हो सके और गंदे नालों की सफाई सही तरीके से हो सके। फल मंडी से अतिक्रमण हटने के बाद अब लोग सुगमता से आ जा रहे है।

Exit mobile version