प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दशहरा कार्यक्रम के दौरान तीन ताकतों को देश के खिलाफ बताया था। इसके साथ ही, उन्होंने विपक्ष पर भी जोरदार हमला बोला था। अब पीएम मोदी के बयान के एक दिन बाद बीजेपी प्रवक्ता संबित पात्रा ने विपक्ष को आड़े हाथों लिया है। उन्होंने सवाल उठाया कि भारत का दुश्मन कौन है? संबित पात्रा ने कहा, “भारत का दुश्मन वह व्यक्ति है, जो विदेश जाकर विदेशी ताकतों से यह सीखकर आता है कि भारत में तख्तापलट कैसे किया जाए, आगजनी कैसे की जाए, हिंसा कैसे भड़काई जाए, संसद में आग कैसे लगाई जाए और यहां चुनाव ठीक तरीके से कैसे न होने दिए जाएं. भारत का दुश्मन वह है, जो कहता है कि बांग्लादेश ने हमें रास्ता दिखाया है।
भुवनेश्वर में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान संबित पात्रा ने आगे कहा, “हमने बांग्लादेश से सीखा है. बांग्लादेश हमारा प्रेरणा स्रोत है, क्योंकि वहां के लोगों ने दिखाया कि धार्मिक कट्टरपंथ के खिलाफ कैसे लड़ते हैं. भारत धार्मिक कट्टरपंथी देश नहीं है. जो लोग कहते हैं कि भारत में धार्मिक कट्टरपंथ के खिलाफ लड़ने के लिए हमें सत्ता परिवर्तन करना है, वे भारत के दुश्मन हैं।
संबित पात्रा का विपक्ष पर निशाना
उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों के साथ भारत के दुश्मनों जैसा व्यवहार किया जाना चाहिए. संबित पात्रा ने कहा, “भारत के दुश्मन कौन हैं? भारत के दुश्मन प्रशांत भूषण जैसे लोग हैं, जो कहते हैं कि हमें सत्ता परिवर्तन करना है, चाहे इसके लिए हमें कुछ भी क्यों न करना पड़े. सावधान! सावधान इन सभी भारत के दुश्मनों से!” संबित पात्रा ने कहा कि दशहरे पर तीन पुतलों का दहन किया गया था और उन्होंने तीन घटनाओं का जिक्र किया।
उन्होंने कहा, “हम भारत के दुश्मनों का दहन लोकतांत्रिक तरीके से करेंगे. यह काम वोट और जनता की जागरूकता के माध्यम से होगा. जनता ही जनार्दन है. जनता के बीच सच्चाई रखकर हम उन पुतलों का दहन करेंगे, जो भारत के दुश्मनों का प्रतीक हैं।
जाकिर नाइक का उदाहरण दिया
संबित पात्रा ने कहा कि एक दुश्मन जाकिर नाइक है, जिसे उन्होंने आतंकवादी बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि सोनिया गांधी ने राजीव गांधी फाउंडेशन के लिए उससे पैसे लिए थे. पात्रा ने कहा कि जाकिर नाइक फिलहाल कुआलालंपुर में है और उसका एक स्टिंग ऑपरेशन हुआ है. इसमें कथित तौर पर उसने कहा कि उसे भारत आने में डर लगता है और वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से डरता है. उसने यह भी कहा कि सत्ता परिवर्तन होने के बाद वह भारत लौट आएगा।
उन्होंने सवाल उठाया कि सत्ता परिवर्तन कौन चाहता है? संबित पात्रा ने आरोप लगाया कि दाऊद इब्राहिम और जाकिर नाइक सत्ता परिवर्तन चाहते हैं, ताकि वे भारत लौट सकें. उन्होंने कहा कि देश के कई दुश्मन सत्ता परिवर्तन चाहते हैं।
राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए पात्रा ने कहा कि सत्ता परिवर्तन की मांग करने वाले उनके सरगना चाहते हैं कि राहुल गांधी बिना चुनाव लड़े ही लॉन्च हो जाएं. उन्होंने तंज कसते हुए कहा, “अरे, सैटेलाइट भी लॉन्च होती है, तो उसके पीछे ईंधन लगाना पड़ता है. तभी वह लॉन्च हो पाती है. ऐसे ही कोई लॉन्च नहीं हो जाता. राहुल गांधी के पीछे ईंधन भी नहीं है. सारा ईंधन खत्म हो चुका है।

