Site icon Thenews15.in

प्रेम में धोखा मिला तो मौत को लगा लिया गले

इंटर छात्रा ने प्रेमी के घर के बाहर फांसी लगाकर दी जान

छपरा (सारण) । सारण जिले के अमनौर थाना क्षेत्र के धर्मपुर जाफर गांव में प्रेम प्रसंग से जुड़ा एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। इंटरमीडिएट की एक छात्रा ने प्रेम में अस्वीकार किए जाने पर प्रेमी के घर के प्रांगण में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। यह घटना पूरे इलाके में सनसनी का कारण बन गई है।

बताया जा रहा है कि छात्रा और युवक एक ही शिक्षण संस्थान में पढ़ते थे और इसी दौरान दोनों के बीच प्रेम संबंध बना। युवक अपने मामा के घर रहकर पढ़ाई करता था। जब छात्रा ने विवाह का प्रस्ताव रखा, तो युवक ने इंकार कर दिया। इससे आहत होकर छात्रा तीन किलोमीटर से अधिक दूरी पैदल तय कर प्रेमी के घर पहुंची, लेकिन वहां से भी उसे अपमानित कर भगा दिया गया।

गुस्से और आघात से दुखी छात्रा ने प्रेमी के घर के प्रांगण में ही एक पेड़ से लटककर आत्महत्या कर ली। मरने से पहले उसने जमीन पर लिखा – “उसने मेरे साथ बहुत गलत किया है।”

घटना की सूचना मिलते ही अमनौर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया है और पूछताछ जारी है।

सारण एसपी कुमार आशीष ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला प्रेम प्रसंग में असफलता के कारण आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है।

इस दर्दनाक घटना के बाद छात्रा के परिवार में कोहराम मचा है और गांव में शोक का माहौल है।

Exit mobile version