Site icon Thenews15.in

Welcome New Year : कड़ाके की ठंड से होगी नए साल की शुरुआत, एक जनवरी से घना कोहरा और शीतलहर की संभावना

मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली एनसीआर और यूपी में तापमान ० डिग्री सेल्सियस तक की स्थिति देखी जा सकती है। उत्तर भारत की पहाड़ियों में थोड़ी बारिश हो सकती है।

देश की राजधानी दिल्ली में 15 दिनों में पहली बार शुक्रवार को न्यूनतम तापमान दहाई अंक तक दर्ज किया गया। हालांकि कड़ाके की इस ठंड में लोगों को भले ही थोड़ी राहत मिली हो लेकिन मौसम विभाग का अनुमान है कि यह राहत नए साल की शुरुआत से ही खत्म हो सकती है।
अगले 7 दिनों तक येलो अलर्ट
मौसम विभाग के अनुमान के अनुसार नए साल में कड़ाके की ठंड पड़ सकती है। मौसम विभाग ने एक जनवरी से शीतलहर की संभावना जताई है। हवाओं में नमी के चलते दिल्ली में शनिवार को भी घना कोहरा छाया रह सकता है। मौसम विभाग ने अगले 7 दिनों तक येलो अलर्ट घोषित किया है, जिसमें ४ जनवरी की सुबह तक घना कोहरा छाए रह सकता है। इस दौरान राजधानी में पारा 4.0 डिग्री तक जा सकता है।
ज्ञात हो कि दिल्ली में शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 8.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया है। भारत मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक शनिवार को पारा छह डिग्री सेल्सियस और सोमवार यानी कि 4 जनवरी तक चार डिग्री सेल्सियस तक गिर जाएगा। वहीं उत्तर प्रदेश में भी कड़ाके की ठंड पड़ रही है। मौसम विभाग के अनुसार बर्फीली हवाओं के चलने से ठंड और बढ़ सकती है। गुरुवार को कानपुर में तापमान अधिकतम 21.4 डिग्री रहा तो वहीं न्यूनतम तापमान 5.8 पहुंच गया।
दरअसल तापमान गिरने के पीछे मौसम विभाग का कहना है कि पहाड़ी इलाके में बर्फबारी होने से मैदानी क्षेत्रों में अगले चौबीस घंटों में ठंड बढ़ सकती है। गौरतलब है कि पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी का दौर जारी है । गत गुरुवार को हिमाचल प्रदेश के लाहौल और स्पीति में बर्फबारी हुई। इसके अलावा श्रीनगर समेत कश्मीर के कई निचले इलाके में भी बर्फबारी देखी गई।

बाकी राज्यों में क्या रहेगा मौसम का हाल ?

मौसम विभाग के अनुसार साल के पहले दिन चंडीगढ़, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा और उत्तरी राजस्थान में सर्दी से लोगों की मुश्किलें बढ़ सकती है। वहीं 31 दिसंबर से 2 जनवरी तक चंडीगढ़ और दिल्ली के अलावा पंजाब, हरियाणा के अलग-अलग क्षेत्रों में दिनभर कड़ाके की ठंड रहने की संभावना है।

Exit mobile version