अनुज कुमार शर्मा ब्यूरो
बिजनौर। नजीबाबाद की दो होनहार बेटियों ने एक बार फिर जिले का नाम रोशन किया है। अश्मित खेलो इंडिया ताइक्वांडो प्रतियोगिता, जो 6 से 8 अगस्त तक कानपुर के ग्रीन पार्क स्टेडियम में आयोजित हो रही है, उसमें नजीबाबाद ताइक्वांडो ट्रेनिंग अकादमी (आदर्श नगर) की दो छात्राओं का चयन हुआ है।
पायल वर्मा और नजीबाबाद थाना क्षेत्र के गांव जगदीशपुर उर्फ बाजोपुर निवासी किसान नेता रामोद कुमार की सुपुत्री कुमारी हिमांशी प्रजापति,ये दोनों खिलाड़ी प्रतियोगिता में दमखम दिखाने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। खास बात यह है कि ये दोनों छात्राएं नगीना स्थित कस्तूरबा गांधी विद्यालय की हैं और प्रधानाचार्या मीनाक्षी चौधरी की देखरेख में लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रही हैं।
इस गौरवपूर्ण उपलब्धि की जानकारी ताइक्वांडो ट्रेनिंग अकादमी के कोच रिंकू वर्मा ने दी। उन्होंने बताया कि कठिन परिश्रम और अनुशासन का ही परिणाम है कि इन दोनों छात्राओं का चयन राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में हुआ है।
बिजनौर के खेल प्रेमियों और शिक्षकों में इस उपलब्धि को लेकर खुशी की लहर है। उम्मीद की जा रही है कि ये दोनों खिलाड़ी प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर जिले को गौरवान्वित करेंगी।
पूर्व में भी कई मैडल जीत चुकी हिमानसी प्रजापति
हिमांशी प्रजापति के परिजनों ने बताया कि हिमांशी प्रजापति जिले लेवल स्टेट लेवल में कई गोल्ड मेडल जीत चुकी है और वह लगातार खेल में रुचि रखती है जिसमें हिमांशी ने गांव व जिले का नाम रोशन किया है।







