भागलपुर।संवाददाता।
अमडंडा थाना क्षेत्र के खुरमानिया गांव में देर रात तेज आंधी-तूफान के बीच एक दर्दनाक हादसा हुआ। आंधी के दौरान ताड़ का पेड़ झोपड़ी पर गिर पड़ा, जिसमें सो रहे छत्तीश पासवान (36) की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में उनका पोता किसी तरह बाल-बाल बच गया।
परिजनों के अनुसार, तेज हवा और बिजली गिरने से ताड़ का पेड़ कमजोर हो गया था। रात में जब दादा-पोता झोपड़ी में सो रहे थे, तभी अचानक वह पेड़ गिर पड़ा और पूरी झोपड़ी दब गई। छत्तीश पासवान की दबकर मौत हो गई जबकि पोता चमत्कारिक रूप से सुरक्षित बाहर निकल आया।
घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और मलबा हटाकर घायल को बाहर निकाला, लेकिन तब तक छत्तीश पासवान दम तोड़ चुके थे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मायागंज स्थित नौलखा कोठी भेजा और बाद में शव परिजनों को सौंप दिया।
इस दर्दनाक हादसे के बाद गांव में मातम पसरा है। परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को मुआवजा और सहायता देने की मांग की है।

