Site icon Thenews15.in

छा गई घूंघट में गिटार वाली बहू

fire smoke - 37

तान्या सिंह, जो उत्तर प्रदेश के एटा जिले की रहने वाली हैं, हाल ही में सोशल मीडिया पर ‘गिटार वाली बहू’ या ‘घूंघट वाली बहू’ के नाम से वायरल हुईं। वे सहारनपुर के मुन्नालाल देवी डिग्री कॉलेज में असिस्टेंट प्रोफेसर हैं और कोविड काल के दौरान उन्होंने गिटार बजाना सीखा था। 30 नवंबर 2025 को गाजियाबाद में हुई उनकी शादी के दो दिन बाद ‘मुंह दिखाई’ की रस्म के दौरान उनका एक वीडियो तेजी से वायरल हो गया, जिसमें वे पीली साड़ी, घूंघट और लाल चूड़ा पहने गिटार बजाते हुए गाना गा रही थीं।
वीडियो में परिवार के सदस्य उनके आसपास बैठे थे और एक महिला ने बार-बार उनका घूंघट खींचकर आगे किया, जबकि तान्या इसे थोड़ा पीछे हटाकर अपनी उंगलियों पर नजर रखना चाहती थीं ताकि सही से गिटार बजा सकें। इस पर तान्या ने एक इंटरव्यू में कहा, “मेरा इरादा कोई बयान देना या कोई विरोध करना नहीं था। मुझे तो बस गिटार पर अपनी उंगलियों को देखना था ताकि मैं ठीक से गा सकूं। मैं जितनी बार अपने घूंघट को थोड़ा पीछे हटाती, उतनी ही बार उसे फिर से आगे कर दिया जाता और हर बार मुझे ऐसा महसूस होता जैसे अंदर ही अंदर मेरा वजूद सिमट रहा है। एक पल के लिए तो मन हुआ कि रुक जाऊं या चुप हो जाऊं। लेकिन मेरे लिए म्यूजिक वो तरीका है जो तब काम आता है, जब शब्द कुछ नहीं कह पाते। जब मैंने ‘मैंने सोचा ना था…एक दिन तुम मुझे मिल जाओगे…’ गाना गाया तो पूरे कमरे में सन्नाटा छा गया। फिर मैंने लोगों की आंखों में आंसू देखे और फिर सभी ने तालियां भी बजाईं।”
वायरल होने के बाद इंटरनेट पर परंपरा और आजादी को लेकर बहस छिड़ गई, लेकिन तान्या का मानना है कि “कभी-कभी परंपरा और अपनी पहचान, दोनों एक साथ चल सकते हैं और शायद असली बदलाव वहीं से शुरू होता है।” अब वे इस टैगलाइन को अपनाकर गर्व महसूस करती हैं। उनका यह वीडियो लाखों व्यूज बटोर चुका है और लोगों ने उनकी प्रतिभा व साहस की खूब तारीफ की है।

Exit mobile version