Site icon Thenews15.in

राहुल सांकृत्यायन के गांव कनैला पहुंची किसान मजदूर नौजवान चेतना पदयात्रा

चिलचिलाती धूप में स्वामी सहजानंद सरस्वती के गांव से निकली किसान, मजदूर, नौजवान चेतना पदयात्रा महान घुमक्कड़ राहुल सांकृत्यायन के गांव कनैला, आजमगढ़ पहुंची। चक्रपानपुर स्थित राहुल सांकृत्यायन की प्रतिमा पर माल्यार्पण करते हुए सभा हुई। पदयात्रियों ने खरिहानी में नौजवानों से संवाद किया और मधुबन गाँव में स्थित शहीद सुभाष रवि की प्रतिमा पर माल्यार्पण करते हुए सभा की। राहुल सांकृत्यायन के परिजन मदन पाण्डेय ने यात्रा का स्वागत करते हुए कहा कि स्वामी सहजानंद के गांव देवा से राहुल सांकृत्यायन के गांव आई पदयात्रा ने हमारे पुरखों के संबंधों को फिर से ताजा कर दिया। पदयात्रियों ने राहुल सांकृत्यायन के घुमक्कड़ चरित्र को जीते हुए उनके विचारों को आम जनमानस तक पहुंचाने का काम किया है।

मैग्सेसे पुरस्कार से सम्मानित सोशलिस्ट पार्टी इंडिया महासचिव संदीप पाण्डेय ने कहा कि इस पदयात्रा ने सहजानंद सरस्वती और राहुल सांकृत्यायन के संघर्षों को पूर्वांचल की जमीन पर आम जनमानस में चर्चा के विषय बना दिया है। आने वाले दिनों में लोग अपने हिस्से की लड़ाई खुद लड़ने के लिए तैयार होंगे। राहुल सांकृत्यायन ने जिस तरह से बिहार में गांव-गांव में जाकर संगठित किया, आज इस पदयात्रा ने किसानों-मजदूरों के साथ नौजवानों को संगठित करने काम किया।

किसान नेता राजीव यादव ने कहा कि राहुल सांकृत्यायन बिहार के किसानों, मजदूरों के बीच गए और संघर्ष का ऐलान किया। इस पदयात्रा ने स्वामी सहजानंद और राहुल सांकृत्यायन की विरासत को आगे बढ़ाने का काम किया है। पदयात्रा में सबसे ज्यादा नौजवानों से संवाद किया गया। नौजवान बेरोजगारी से त्रस्त है और वह जान गया है कि देश की सत्ता में बैठे लोग उसके लिए कुछ नहीं करना चाहते।

किसान नेता विरेन्द्र यादव ने कहा कि जिस तरह से बिहार में स्वामी सहजानंद और राहुल सांकृत्यायन ने किसानों को संगठित किया उसी तरह आजमगढ़ समेत पूरे पूर्वांचल के किसानों, मजदूरों, नौजवानों को संगठित किया जाएगा। किसान सिर्फ अपनी ही लड़ाई नहीं लड़ेगा बल्कि अपने उन बेटों की भी लड़ाई लड़ेगा जो सत्ता की नीतियों से त्रस्त होकर आत्महत्या करने पर मजबूर हो रहे हैं।

पदयात्रा में संदीप पाण्डेय, राजीव यादव, वीरेंद्र यादव, डॉ राजेंद्र यादव, महेंद्र यादव, राजेंद्र चौधरी, अधिवक्ता विनोद यादव, अवधेश यादव, हीरालाल यादव, दिनेश यादव, भीम, राम शंकर, अवनीश चौरसिया, जेपी सिंह, संतराम यादव, दुर्गा यादव, अगरदीप राम, दीपक यादव आदि लोग शामिल रहे।

Exit mobile version