Site icon Thenews15.in

बिहार से पूर्वी भारत के विकास की नींव रखी

मोतिहारी में पीएम मोदी ने की बड़ी घोषणाएं

राजन द्विवेदी

मोतिहारी।  प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को मोतिहारी के ऐतिहासिक गांधी मैदान में विराट जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि “बिहार के विकास से ही पूर्वी भारत का समग्र विकास संभव है।” उन्होंने स्पष्ट किया कि उनकी सरकार की प्राथमिकता बिहार को औद्योगिक, पर्यटक और तकनीकी हब बनाना है।

पीएम मोदी ने कहा, “जिस तरह पश्चिम में मुंबई है, उसी तरह मोतिहारी को विकसित करना है। गुरुग्राम की तरह गया, पुणे जैसा पटना, सूरत जैसा जलपाईगुड़ी, जयपुर जैसा पर्यटन और बंगलोर जैसा सिंहभूम बनाना है।”

उन्होंने याद दिलाया कि 2005 से 2014 तक केंद्र की तत्कालीन यूपीए सरकार ने बिहार के साथ सौतेला व्यवहार किया, लेकिन 2014 के बाद केंद्र में मोदी सरकार बनने के बाद विकास में कोई कमी नहीं छोड़ी गई।

7200 करोड़ की परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन:

पीएम मोदी ने 7,200 करोड़ रुपये से अधिक की योजनाओं का डिजिटल उद्घाटन और शिलान्यास किया। उन्होंने बापूधाम मोतिहारी से आनंद विहार, पाटलिपुत्र और दरभंगा स्टेशन से चार नई ‘अमृत भारत ट्रेनों’ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

सीएम नीतीश कुमार ने भी गिनाई उपलब्धियां:

सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा, “केंद्र सरकार के बजट में बिहार के लिए सड़क, स्वास्थ्य, रोजगार, शिक्षा और बाढ़ नियंत्रण से जुड़ी योजनाओं को लेकर बड़ी घोषणाएं की गई हैं।”
उन्होंने कहा, “2005 में जब जदयू-भाजपा की सरकार बनी थी, हमने लालटेन बुझाकर घर-घर बिजली पहुंचाई। अब युवा वर्ग को नौकरी, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधा देने पर काम चल रहा है।”

Exit mobile version