अमेरिका के डलास, टेक्सास में 7 जुलाई को एक दर्दनाक सड़क हादसे में हैदराबाद के एक परिवार के चार सदस्यों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान वेंकट बेजुगम, उनकी पत्नी तेजस्विनी चोल्लेटी और उनके दो बच्चों सिद्धार्थ और म्रीदा बेजुगम के रूप में हुई है। यह परिवार अटलांटा में रिश्तेदारों से मिलने के बाद कार से डलास लौट रहा था, तभी ग्रीन काउंटी में उनकी कार को एक मिनी ट्रक ने सामने से टक्कर मार दी। ट्रक गलत लेन में तेज रफ्तार से चल रहा था, जिसके कारण टक्कर इतनी भीषण थी कि कार में तुरंत आग लग गई और चारों की मौके पर ही जलकर मौत हो गई।
हादसे के बाद कार पूरी तरह जलकर राख हो गई, और शवों के अवशेष फॉरेंसिक जांच के लिए भेजे गए हैं। परिवार के शवों को अंतिम संस्कार के लिए हैदराबाद लाने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है, जिसमें गैर-लाभकारी संगठन ‘टीम एड’ सहायता कर रहा है। भारतीय दूतावास और स्थानीय प्रशासन भी औपचारिकताओं को पूरा करने में जुटे हैं। इस घटना ने हैदराबाद और भारतीय समुदाय में शोक की लहर दौड़ा दी है।

