परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
मुजफ्फरपुर/बन्दरा। पियर थाना क्षेत्र के पिपरपयिया में बुधवार सुबह एक मछली व्यवसायी का शव फंदे से लटका मिला। शव उसके मछली पालन स्थल(पोखर) पर स्थित घर में पाया गया। मृतक की पहचान समस्तीपुर जिले के पूसा थाना क्षेत्र निवासी मो. आजाद (29 वर्ष) के रूप में हुई है।
मो. आजाद का पिपरपतिया के अलावे बैंगरा में भी मछली पालन का कार्य था और इसी व्यवसाय के सिलसिले में वह पिपरपयिया में रह रहा था। सुबह स्थानीय लोगों ने शव देखा और तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पीयर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतक के परिजनों ने घटना को आत्महत्या मानने से इनकार करते हुए हत्या की आशंका जताई है। उनका कहना है कि आजाद को किसी ने योजनाबद्ध तरीके से मारकर लटका दिया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और सभी पहलुओं पर बारीकी से छानबीन कर रही है।
घटनास्थल पर डीएसपी एवं फोरेंसिक टीम भी पहुंची और आवश्यक जांच एवं कार्यवाई की।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और मौके से जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पियर थानाध्यक्ष पंकज यादव ने बताया कि सन्दिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। परिजनों ने प्राथमिकी के लिए फिलहाल आवेदन नहीं दिया है।

