महाराष्ट्र के शिक्षकों की शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) परीक्षा का पेपर लीक करने वाले गिरोह के खिलाफ भिवंडी में पुलिस की बड़ी कार्रवाई की है। प्राथमिक जानकारी के अनुसार, कोनगांव पुलिस ने जाल बिछाकर तीन आरोपियों को हिरासत में लिया है। सूत्रों के मुताबिक, कोनगांव स्थित डायमंड होटल में पेपर लीक से जुड़े संदिग्धों के होने की गुप्त सूचना मिलने पर पुलिस ने वहां छापा मारा, लेकिन आरोपी वहां नहीं मिले। इसके बाद पुलिस ने तीनों को सहारा एयरपोर्ट इलाके से हिरासत में लिया है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर शुरू की जांच
हिरासत में लिए गए आरोपियों के पास से TET परीक्षा के प्रश्नपत्र से जुड़े सवाल मिलने की जानकारी सामने आई है। पुलिस तीनों आरोपियों को भिवंडी लेकर पहुंची है। इस मामले में कोनगांव पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है। फिलहाल पुलिस पूरे पेपर लीक रैकेट और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।
गौर हो कि 28 जून को महाराष्ट्र के TET की परीक्षा होने वाली थी, लेकिन पेपर लीक की जानकारी सामने आने के बाद उसे रद्द कर दिया गया है। अब परीक्षा की नई तारीख का जल्द ही ऐलान किया जाएगा. हालांकि, शिक्षा विभाग के फैसले से प्रदेश के अभ्यर्थियों को झटका लगा है, जो परीक्षा के लिए दिन रात मेहनत कर रहे थे।
जानकारी के मुताबिक, इस परीक्षा में करीब चार लाख 28 हजार उम्मीदवार शामिल होने वाले थे और राज्य भर के 1028 केंद्रों पर 28 जून को यह परीक्षा होने वाली थी। पेपर लीक के कारण परीक्षा को रद्द कर दिया गया है।
TET परीक्षा में बुर्का को लेकर हुआ था विवाद
इससे पहले TET परीक्षा में बुर्का को लेकर विवाद हुआ था। महाराष्ट्र राज्य परीक्षा परिषद (MSCE) ने गाइडलाइंस जारी कर महिलाओं को कोई भी पोशाक, बुर्का या हिजाब पहनने की स्वतंत्रता दी थी, लेकिन परीक्षा के दौरान गर्दन के ऊपर का हिस्सा खुला रखने के सख्त निर्देश दिए थे, जिसको लेकर विवाद देखने को मिला था। अब पेपर लीक की खबरों के बाद इसे फिलहाल के लिए रद्द कर दिया गया है।

