पटना। शनिवार, 5 जुलाई को राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने पूरे बिहार में अपना स्थापना दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया। इस अवसर पर पार्टी की ओर से बिहार के सभी कार्यकर्ताओं और प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दी गईं। पार्टी के नेताओं ने इसे केवल एक राजनीतिक दल की स्थापना नहीं, बल्कि सामाजिक न्याय, समता और वंचितों के अधिकारों की लड़ाई का प्रतीक दिन बताया।
पार्टी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव को याद करते हुए कहा गया कि उन्होंने सामाजिक न्याय की जो मशाल जलाई, उसे तेजस्वी यादव आज नई ऊर्जा, स्पष्ट नीति और जन सरोकारों के साथ आगे बढ़ा रहे हैं।
राजद की ओर से जारी संदेश में कहा गया कि पार्टी हर उस व्यक्ति की आवाज़ है जिसे समाज में हाशिये पर धकेला गया है, और हर उस परिवार की उम्मीद है जिसे न्याय व विकास की दरकार है।
राजद ने बेरोजगारी, महंगाई, जातिगत भेदभाव और संवैधानिक मूल्यों पर हो रहे हमलों के खिलाफ अपने संघर्ष को दोहराया। साथ ही तेजस्वी यादव के नेतृत्व में शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में बड़े कदम उठाने की प्रतिबद्धता भी जताई गई।
पार्टी ने इस दिन को “जनसंकल्प दिवस” बताते हुए अपील की कि कार्यकर्ता और समर्थक लालू-तेजस्वी की विचारधारा को गांव-गांव, घर-घर पहुँचाएं और बिहार को सामाजिक न्याय की राह पर तेज़ी से आगे ले जाएं।

