Site icon Thenews15.in

“तेजस्वी यादव का नीतीश कुमार से कोई मुकाबला नहीं”

मंत्री राजू सिंह का विधानसभा में तीखा हमला

दीपक कुमार तिवारी 

पटना। बिहार की सियासत मंगलवार को विधानसभा में उस वक्त गरमा गई, जब राज्य के मंत्री राजू सिंह ने विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि तेजस्वी यादव का राजनीतिक कद इतना नहीं है कि वे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व पर सवाल उठा सकें।

राजू सिंह ने तेजस्वी यादव के उस बयान पर पलटवार किया, जिसमें उन्होंने एनडीए सरकार पर उनके चुनावी वादों की नकल करने का आरोप लगाया था। मंत्री ने तीखे शब्दों में कहा, “जब मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की बात हो, तो तेजस्वी यादव का नाम लेना भी बेमानी है। क्या वह इस लायक हैं कि ऐसे नेतृत्व के सामने टिक सकें?”

 

गिरती कानून व्यवस्था पर बचाव में आए मंत्री:

 

पत्रकारों से बात करते हुए राजू सिंह ने पटना में उद्योगपति गोपाल खेमका की हत्या पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, “ऐसी घटनाएं देश-दुनिया में होती हैं, लेकिन महत्वपूर्ण यह होता है कि सरकार उस पर कितनी जल्दी कार्रवाई करती है। बिहार सरकार त्वरित एक्शन ले रही है और यह उसकी प्रशासनिक दक्षता को दर्शाता है।”

 

राहुल गांधी और बिहार बंद पर हमला:

 

राहुल गांधी की प्रस्तावित बिहार यात्रा और विपक्ष द्वारा बुलाए गए बिहार बंद पर भी मंत्री ने तीखी टिप्पणी की। उन्होंने कहा, “अब विपक्ष के पास करने को कुछ बचा नहीं है। हार मिलने पर चुनाव आयोग पर सवाल खड़े करते हैं, लेकिन जीत मिलने पर चुप रहते हैं। क्या उन्हें संवैधानिक संस्थाओं पर विश्वास नहीं रहा?”

 

महिलाओं को 35% आरक्षण: सरकार का ऐतिहासिक फैसला

 

राजू सिंह ने बिहार सरकार द्वारा महिलाओं को सरकारी नौकरियों में 35 प्रतिशत आरक्षण देने के फैसले को ऐतिहासिक करार दिया। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार के नेतृत्व में महिलाओं को लगातार सम्मान और सशक्तिकरण मिला है। यह फैसला देश के अन्य राज्यों के लिए भी एक उदाहरण बनेगा।

बता दें कि मंगलवार को हुई बिहार मंत्रिमंडल की बैठक में यह प्रस्ताव पास हुआ कि राज्य की मूल निवासी महिला अभ्यर्थियों को सरकारी सेवाओं में 35% क्षैतिज आरक्षण दिया जाएगा। यह फैसला सभी संवर्गों और पदों पर लागू होगा।

Exit mobile version