Site icon Thenews15.in

गंगा स्नान के दौरान किशोर की डूबने से मौत, मातम में बदली खुशियाँ

राजापाकर/विदुपुर। सोमवार सुबह राजापाकर अनुमंडल अंतर्गत विदुपुर थाना क्षेत्र के नवानगर घाट पर गंगा स्नान के दौरान एक 15 वर्षीय किशोर की डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान सराय थाना क्षेत्र के भकुरहर गांव निवासी हिमांशु कुमार के रूप में हुई है। वह विदुपुर में अपने रिश्तेदार के यहां आया हुआ था।

परिजनों के अनुसार, हिमांशु अपने मौसेरे भाई के साथ गंगा स्नान करने गया था। नहाते समय अचानक वह गहरे पानी में चला गया और डूब गया। चीख-पुकार सुनकर घाट पर मौजूद लोगों में अफरातफरी मच गई।

सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। प्रशासन को भी सूचित किया गया, जिसके बाद एसडीआरएफ की टीम को बुलाया गया। लगभग दो घंटे के अथक प्रयास के बाद टीम ने शव को गंगा से बरामद किया।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल हाजीपुर भेज दिया है। मृतक हिमांशु अपने माता-पिता की इकलौती संतान था। घटना की खबर मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Exit mobile version