समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) प्रमुख मोहन भागवत के अमेरिका में दिए बयान को लेकर निशाना साधा है। भागवत ने न्यूयॉर्क में आयोजित एक दुनिया, एक मानवता सम्मेलन में कहा था कि जो व्यक्ति यह मानता है कि भारत में मुसलमान नहीं होने चाहिए, वह खुद को हिंदू नहीं कह सकता। इसी बयान को लेकर अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया साइट एक्स पर तंज कसा है। अखिलेश यादव ने मोहन भागवत के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए लिखा, “विदेश में एकता की बातें और यहाँ देश को ही बाँटें.” अखिलेश का यह बयान ऐसे समय आया है, जब भागवत अमेरिका के दौरे पर हैं और वहां अलग-अलग कार्यक्रमों में हिंदू समाज, मानवता और आपसी एकता को लेकर अपनी बात रख रहे हैं।
भागवत ने क्या कहा था?
भागवत ने यह भी कहा कि इंसानों के बीच किसी तरह का भेद नहीं होना चाहिए और हर व्यक्ति का सम्मान किया जाना चाहिए। उनके इस बयान को धार्मिक सद्भाव और सामाजिक एकता के संदेश के तौर पर देखा जा रहा है।

