उत्तर प्रदेश के आगरा स्थिति विश्व प्रसिद्ध स्मारक ताजमहल (Taj Mahal) न सिर्फ सैलानियों की पसंदीदा जगह है, बल्कि यूपी का प्रमुख पर्यटन का केंद्र भी है। मगर, अब ताजमहल की एक ऐसी वीडियो सामने आई है, जिसने स्मारक की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। ताजमहल में प्रतिबंधित एरिया से 360 डिग्री व्यू के साथ वीडियो बनाकर वायरल की गई है, वीडियो के सामने आने के बाद हड़कंप मच गया है।
दरअसल, ताजमहल के सफाई कर्मी ने प्रतिबंध एरिया में पहुंचकर ताजमहल के मुख्य मकबरे की मीनार पर चढ़कर वीडियो बनाया और उसे अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर अपलोड कर दिया। इस वीडियो के सामने आने के बाद से ASI और CISF में खलबली मच गई. यह वीडियो एक निजी इंस्टाग्राम अकाउंट से पोस्ट की गई थी।
आम पर्यटकों की एंट्री पूरी तरह है प्रतिबंधित
वीडियो के बारे में बताया गया है कि यह वीडियो पांच दिन पुराना है। खास बात यह है कि जिस जगह से यह वीडियो शूट की गई है, वहां आम सैलानियों की एंट्री पूरी तरह से प्रतिबंधित रहती है. इन जगहों पर सिर्फ वहां के सुरक्षा कर्मी और सफाई स्टाफ को जाने की अनुमति रहती है। हालांकि, एएसआई की जांच में संविदा सफाई कर्मचारी द्वारा वीडियो बनाए जाने की पुष्टि हुई है।
कर्मचारी के मोबाइल से डिलीट कराई गई वीडियो
वहीं, इस मामले में वीडियो के वायरल होने के बाद संज्ञान लिया गया है. संबंधित कर्मचारी के मोबाइल में वायरल वीडियो मिला है, जिसे डिलीट करवा दिया गया है। इसके साथ ही ASI ने आरोपी सफाई कर्मचारी को नौकरी से हटा दिया है। इसके अलावा अब प्रतिबंधित क्षेत्र में कर्मचारियों के मोबाइल जमा कराने के निर्देश दिए गए हैं।

