Site icon Thenews15.in

सुपौल : एनएच-27 के किनारे बनेगा मिडवे सर्विस प्लाजा

 मिलेंगी कई अत्याधुनिक सुविधाएं

 सुपौल। सुपौल जिला अंतर्गत कोसी महासेतु से सटे आसनपुर कुपहा में नेशनल हाइवे-27 के किनारे मिडवे सर्विस प्लाजा का निर्माण किया जाएगा। बिहार सरकार के पर्यटन विभाग ने इसके लिए 29.53 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान की है। यह जानकारी सूबे के पर्यटन मंत्री नीतीश मिश्रा ने एक सोशल मीडिया पोस्ट के माध्यम से दी है।
बता दें कि सोशल मीडिया पोस्ट में पर्यटन मंत्री ने मिडवे सर्विस प्लाजा के प्रस्तावित भवन और परिसर का थ्रीडी वीडियो भी जारी किया है। बताया जा रहा है कि प्लाजा का निर्माण अगले 24 महीने में पूरा किया जाएगा। जहां कई अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी। प्लाजा के निर्माण की जिम्मेदारी बिहार राज्य पर्यटन विकास निगम को सौंपी गई है।
पर्यटन मंत्री के अनुसार, ईस्ट वेस्ट कॉरिडोर (पोरबंदर से सिलचर) एनएच- 27 पर सुपौल में अवस्थित कोसी महासेतु के समीप आसनपुर कुपहा में मिडवे सर्विस प्लाजा का निर्माण होगा। आने वाले समय में इस बहुउद्देशीय भवन में फुड कोर्ट, क्विक सर्विस रेस्टोरेंट, इनडोर स्पोर्ट्स एक्टिविटीज, रिटेल स्टोर, ई-चार्जिंग पॉइंट्स, फ्यूल आउटलेट, जन सुविधा और पार्किंग सहित यात्रियों के लिए अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी।
इस योजना के अन्तर्गत मुख्य भवन का निर्माण किया जाना है। इस भवन के अंतर्गत उपरोक्त सुविधाओं के अतिरिक्त इंटरटेनमेंट जोन, एडवरटाइजिंग फसाड (विज्ञापन आवरण) आदि का निर्माण कार्य किया जाना प्रस्तावित है। मंत्री ने कहा है कि एनएच-27 अति व्यस्त राजमार्ग है और इन सुविधाओं के विकास से निश्चित ही इस मार्ग से यात्रा करने वाले यात्रियों को एक सुखद अनुभव प्राप्त होगा। इसके निर्माण से पर्यटकों के साथ जनसामान्य को भी उच्चस्तरीय पर्यटकीय सुविधाएं प्राप्त होंगी।

Exit mobile version