पाकिस्तानी नेशनल असेंबली में सोमवार को एक मजेदार लेकिन शर्मनाक वाकया हो गया, जब स्पीकर अयाज़ सादिक ने फर्श पर पड़े 10 नोटों (कुल 50,000 पाकिस्तानी रुपये, यानी करीब 16,000 रुपये) को उठाया और हवा में लहराते हुए पूछा, “ये किसका पैसा है? जिसका भी हो, हाथ उठाओ।” जवाब में 12-13 सांसदों ने फटाक से हाथ उठा दिए, दावा करते हुए कि पैसा उनका है। स्पीकर हैरान रह गए और हंसते हुए बोले, “10 नोट हैं, लेकिन 12 मालिक!”
ये वीडियो सोशल मीडिया पर तेज़ी से वायरल हो गया, जहां लोगों ने पाकिस्तानी सांसदों का जमकर मज़ाक उड़ाया। कई यूज़र्स ने टिप्पणी की कि अगर इतने कम पैसे के लिए संसद में हड़कंप मच जाता है, तो अरबों के सरकारी फंड्स का क्या हाल होगा? बाद में पता चला कि असल में ये नोट पीटीआई के सांसद मुहम्मद इकबाल अफरीदी के थे।







