यूपी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे को लेकर बातचीत जारी है। इस बीच सपा की ओर से पांच उम्मीदवारों की लिस्ट जारी होने पर कांग्रेस सांसद इमरान मसूद के बयान पर एसटी हसन ने प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने कहा कि उनके बर्ताव से ऐसा लगता है कि वो कांग्रेस को मजबूत करने के बजाय कमजोर कर रहे हैं।
सपा नेता एसटी हसन ने कहा, ”जहां तक मुझे पता है, गठबंधन पहले ही तय हो चुका है। वरिष्ठ नेता राहुल गांधी और अखिलेश यादव जो भी फैसला लेंगे, वह सभी को मंजूर होगा. इमरान मसूद एक सम्मानित राजनीतिक परिवार से आते हैं, उनको भी अपनी भाषा और शब्दों के चयन का ख्याल रखना चाहिए।
सब कुछ बड़े नेताओं की आपसी सहमति से हो रहा- एसटी हसन
मुरादाबाद में मीडिया से बातचीत में समाजवादी पार्टी के नेता एसटी हसन ने आगे कहा, “ये हमारे सीटिंग विधायक हैं और इनको तो सीट मिलेगी। इसमें किसी को भी बुरा मानने की जरूरत नहीं है. मेरा मानना है कि सब कुछ बड़े नेताओं की आपसी सहमति से हो रहा है।
बातचीत के बीच सपा की लिस्ट से नाराज इमरान मसूद!
सपा की ओर से मंगलवार (24 नवंबर) को पांच उम्मीदवारों की लिस्ट जारी किए जाने की घोषणा पर इमरान मसूद ने नाराजगी जताई है. उन्होंने कहा, ”जब एक तरफ आप बातचीत कर रहे हैं और दूसरी तरफ उम्मीदवारों की घोषणा कर रहे हैं, तो इससे पता चलता है कि आप गंभीर नहीं हैं। हम भीख नहीं मांग रहे हैं. हम अपनी पार्टी के भीतर चर्चा करेंगे कि आगे क्या करना है और क्या हमें बातचीत के लिए बैठना चाहिए या नहीं. पार्टी ही तय करेगी कि आगे क्या कदम उठाना है।

