पुणे में केतन अग्रवाल हत्याकांड को लेकर इंदौर के राजा रघुवंशी की मां उमा रघुवंशी का एक बार फिर दर्द छलक पड़ा है। उन्होंने कहा कि लड़कियों को शादी नहीं करनी है तो पहले मना कर दो। सिया की सगाई हो चुकी थी, शादी होने वाली थी, फिर भी अपने होने वाले पति को मौत के घाट उतार दिया. लड़कियों को हिम्मत इसलिए मिल रही है कि सोनम, मुस्कान जैसी लड़कियों को कड़ी सजा नहीं मिल पाई, अब लड़के शादी से घबराने लगे हैं. सोनम-मुस्कान जैसी लड़कियों को अपने पिता पर गर्व है कि हम कुछ भी करें, हमारे पिता हमें छुड़ा लेंगे।
उमा रघुवंशी ने कहा, ”सोनम को 11 महीने में ही मिली जमानत के बाद अब दूसरी लड़कियों को हिम्मत मिल रही है। सिया ने सोचा था कि मैं नहीं पकड़ाऊंगी. धक्का देने से सब कुछ नहीं होता है। भगवान सब देख रहा है। केतन की मां का हाल क्या हो रहा होगा. राम जैसे बेटे को छीना है. ऐसे ही लड़कियां बेटों को हम माताओं से छीनती जाएंगी तो इंसाफ कैसे मिलेगा?
जल्द से जल्द आरोपी लड़कियों को सजा मिलनी चाहिए- उमा रघुवंशी
उन्होंने आगे कहा, ”सरकार से निवेदन है कि हमें न्याय मिले। अब तक इंसाफ नहीं मिला. जल्द से जल्द आरोपी लड़कियों को सजा मिलनी चाहिए। सोनम को सजा सुना दी जाती तो सिया जैसी लड़की को हिम्मत नहीं मिलती। केतन की हत्या के बाद एक बार फिर राजा की याद ताजा हो गई। जब भी राजा को भूलने की कोशिश करती हूं तो कुछ और सामने आ जाता है। एक बार संभलने की कोशिश की तो सोनम को जमानत मिल गई. इस दौरान धक्का लगा था. फिर थोड़ा संभले थे कि पुणे में यह घटना हो गई, जिसे देख सुन मेरा दर्द एक बार फिर ताजा हो गया।
सोनम को बेल मिलने के बाद सिया को हिम्मत मिली- सचिन रघुवंशी
वहीं, राजा रघुवंशी के भाई सचिन रघुवंशी ने कहा, ”सोनम को बेल मिलने के बाद सिया को हिम्मत मिली। सोनम को बेल मिली तो उसे भी बेल मिल ही जाएगी। सजा नहीं होगी. सरकार से बड़ी गलती हुई है। अगर सोनम को सजा मिल जाती तो आज यह घटना सामने न आती। परिवार का भी लड़कियों को सपोर्ट रहता है. पहले आंसू दिखाते हैं और फिर वही छुड़वाते हैं. हमारे साथ भी यही हुआ। जिस तरीके से नए नए आइडिया लड़कियों को मिल रहे हैं, उसमें सोनम किंग बनकर सामने आई है।
राजा रघुवंशी की यादें ताजा हो जाती हैं- सचिन रघुवंशी
सचिन रघुवंशी ने आगे कहा, ”राजा की यादें तो ताजा हो ही जाती है. केतन की हत्या की बात सुनकर रातभर मैं नहीं सो पाया.” वहीं परिवार के द्वारा मिल रहे साथ पर उन्होंने कहा, ”वो सब मगरमच्छ के आंसू बहाते हैं क्योंकि उनका तो खून है लेकिन हमारा खून तो चला गया. सोनम रघुवंशी के पिताजी भी उसे छुड़वाने शिलॉन्ग गए थे. आजकल की लड़कियों को अपने मां बाप की इज्जत प्यारी है, इसलिए पहले तो शादी के लिए हां कर देती हैं. फिर हत्या कर देती है।

