जब राहुल गांधी ने अपनी मां की सीट रायबरेली को तवज्जो देते हुए वायनाड सीट छोड़ी तो तभी माना जा रहा था कि वायनाड से उनकी बहन प्रियंका गांधी चुनाव लड़ेंगी। हुआ भी यही कि प्रियंका गांधी वायनाड से उप चुनाव लड़ रही हैं। ऐसे में प्रश्न उठता है कि रायबरेली और अमेठी से प्रियंका गांधी को चुनाव क्यों नहीं लड़ाया गया ? उन्हें वायनाड से उप चुनाव क्यों लड़ाया जा रहा है ? दरअसल यह माना जा रहा है कि प्रियंका गांधी की बातों में राहुल गांधी की बातों से ज्यादा गंभीरता होती है। प्रियंका गांधी की संगठन पर राहुल गांधी से ज्यादा पकड़ा है। ऐसे में सोनिया गांधी की यह रणनीति है कि उत्तर भारत में राहुल गांधी को आगे बढ़ाया जाए। प्रियंका गांधी जब वायनाड से चुनाव जीत जाएंगी तो उनकी सक्रियता उत्तर भारत से ज्यादा दक्षिण भारत में रहेगी।
दरअसल जब सोनिया गांधी राजस्थान से राज्यसभा सांसद बनी तो यह माना जा रहा था कि रायबरेली लोकसभा से उनकी बेटी प्रियंका गांधी चुनाव लड़ेंगी। पर क्या हुआ ? रायबरेली और वायनाड दोनों जगह से राहुल गांधी चुनाव लड़े और जीते भी। अमेठी से भी सोनिया गांधी के चुनाव मैनेजर रहे किशोरी लाल शर्मा को चुनाव लड़ाया गया। प्रियंका गांधी को अमेठी से भी चुनाव नहीं लड़ाया गया। यहां तक कि अमेठी से प्रियंका गांधी के पति रॉबर्ट वाड्रा ने चुनाव लड़ने इच्छा जाहिर की थी पर उन्हें भी टिकट नहीं दिया गया। मतलब प्रियंका गांधी के परिवार को राहुल गांधी के बढ़ते कद से दूर रखना था। यही वजह मानी जा रही है कि प्रियंका गांधी वायनाड से उप चुनाव लड़ रही हैं। उन्हें दक्षिण भारत की राजनीति करनी है।
कांग्रेस ही नहीं बल्कि देश की दूसरी पार्टी और आम लोग भी यह मानते हैं कि प्रियंका गांधी में पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की छवि है। उनके बोलने, चलने और बात करने का तरीका इंदिरा गांधी से बहुत मिलता है। कई मामलों में वह राहुल गांधी पर भारी पड़ जाती है। ऐसे में यह माना जा रहा है कि सोनिया गांधी राहुल गांधी को आगे बढ़ाने के चक्कर में प्रियंका गांधी को वह तवज्जो नहीं देती हैं जो राहुल गांधी को देती हैं। यह बात गत लोकसभा चुनाव में भी देखने को मिली। यदि प्रियंका गांधी की चुनाव प्रचार में जरूरत थी तो उनके पति रॉबर्ट वाड्रा को अमेठी से चुनाव लड़ाया जा सकता था पर सोनिया गांधी ने अपने मैनेजर रहे किशोरी लाल शर्मा को अमेठी से चुनाव लड़ा दिया।
दरअसल प्रियंका गांधी को आगे बढ़ाने का मतलब रॉबर्ट वाड्रा को आगे बढ़ाया। सोनिया गांधी अपने जीते जी राहुल गांधी को प्रधानमंत्री बनते देखना चाहती हैं। राहुल गांधी भी मौजूदा समय में प्रतिपक्ष नेता हैं। आज की तारीख में वह विपक्ष के सभी नेताओं पर भारी पड़ रहे हैं। भारत जोड़ो यात्रा और भारत जोड़ो न्याय यात्रा के बाद राहुल गांधी का बहुत बढ़ गया है। गत लोकसभा चुनाव में राहुल गांधी के भाषणों का असर चुनावी रैलियों में देखने को मिला।
तो साउथ की राजनीति करेंगी प्रियंका गांधी?
चरण सिंह