चरण सिंह
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने तिहाड़ जेल से अंतरिम जमानत पर बाहर आते ऐसा बयान दिया कि बीजेपी दिग्गजों को उसका जवाब देना पड़ा। दरअसल अरविंद केजरीवाल ने एनडीए की सरकार बनने पर पीएम मोदी द्वारा उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को साइडलाइन करने की बात आप कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कही। अरविंद केजरीवाल को जवाब देते हुए गृहमंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने एक्स हैंडल पर पोस्ट की कि नरेन्द्र मोदी न केवल प्रधानमंत्री बनेंगे बल्कि अपना कार्यकाल भी पूरा करेंगे।ऐसे में प्रश्न उठता है कि खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जो 2014 में 75 साल के बाद बीजेपी नेताओं के रिटायरमेंट करने का नियम बनाया था। क्या वह खुद उसे तोड़ देंगे। क्योकि अगले साल सितम्बर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 75 साल के होने जा रहे हैं। ऐसे में उन्हें रिटायरमेंट लेना है। राजनाथ सिंह, अमित शाह और योगी आदित्यनाथ तो सरकार बनने और उनके कार्यकाल पूरा करने की बात कर रहे हैं। मतलब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 75 साल पूरे होने पर भी रिटायरमेंट नहीं लेंगे। जबकि उन्होंने लाल कृष्ण आडवाणी, मुरली मनोहर जोशी, यशवंत सिन्हा, शांता कुमार, सुमित्रा महाजन को यह कहकर रिटायर्ड कर दिया था कि उनकी उम्र 75 साल हो गई है। इन नेताओं के लिए बीजेपी में मार्गदर्शक मंडल बना दिया गया था।
दरअसल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर अपनी बात पर न टिके रहने का आरोप लगते रहे हैं। उन्होंने 2014 के लोकसभा चुनाव के प्रचार में कहा था कि उनकी सरकार बनने पर वह प्रतिवर्ष दो करोड़ युवाओं को रोजगार देंगे। किसानों की आय दोगुनी कर देंगे। विदेश से इतने ब्लैक मनी ले आएंगे कि प्रति व्यक्ति के खाते में १५ लाख रुपये आ जाएंगे। जब यह बातें गृहमंत्री अमित शाह से पूछी गई तो उन्होंने कहा कि यह तो जुमला है। मतलब प्रधानमंत्री जुमले के लिए जाने जाने लगे हैं। इन चुनाव में उन पर हल्की बात करने का आरोप लग रहा है। कांग्रेस के पूर्व ओवरसीज अध्यक्ष सैम पित्रोदा के विरासत टैक्स का बयान देने पर प्रधानमंत्री ने इंडी गठबंधन की सरकार बनने पर महिलाओं के मंगलसूत्र तक छीन लेने की बात कर दी। उन्होंने 80 फीसद लोगों का हक छीनकर 20 फीसद लोगों को देने की बात तक कर दी।
आज की तारीख में देश के सबसे बड़े प्रदेश उत्तर प्रदेश में के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को लेकर चर्चा और अफवाह होना आम बात है। दरअसल राजपूतों की पंचायतों और प्रधानमंत्री मोदी के अमरोहा में योगी आदित्यनाथ की तारीफ करने के बाद इस तरह की चर्चा को हवा मिली है। योगी आदित्यनाथ की शह पर सरधना के पूर्व विधायक संगीत सोम के प्रयास से राजपूतों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह के प्रति नाराजगी देखने को मिली।

