अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के साथ सीजफायर खत्म होने का ऐलान करने के साथ ही तेहरान को कैंसर करार दिया। अब ईरान ने अमेरिकी राष्ट्रपति को जबाव दिया कि ईरान ट्रंप की धमकियों से नहीं डरता है। ईरानी संसद की राष्ट्रीय सुरक्षा और विदेश नीति समिति के प्रवक्ता इब्राहिम रेजाई ने बुधवार को कहा कि हम किसी भी बुराई से लड़ने के लिए तैयार हैं।
ट्रंप की ईरान को धमकी
कुछ सप्ताह पहले तक ईरान के नेतृत्व को लेकर अपेक्षाकृत नरम रुख रखने वाले राष्ट्रपति ट्रंप ने इस बार तेहरान के खिलाफ कड़े शब्दों का इस्तेमाल किया। ट्रंप ने कहा कि ईरान पर नए हमलों के बाद युद्धविराम समाप्त हो गया है लेकिन बातचीत जारी रह सकती है। ट्रंप ने कहा, ‘उनमें कुछ गड़बड़ है। वे बीमार हैं और गंदा खेल खेलते हैं। हालांकि, ट्रंप ने यह भी कहा कि वह अपने वार्ताकारों को बातचीत जारी रखने की अनुमति दे सकते हैं, लेकिन उन्हें लगता है कि वो लोग (ईरान) केवल समय बर्बाद कर रहे हैं।
ईरान पर यूएस ने किया हमला
यूएस सेंट्रल कमांड की ओर से 8 जुलाई को ईरान के 80 सैन्य ठिकानों को निशाना बनाने के दावे के बाद आईआरजीसी ने भी अमेरिका के 85 बेस पर जवाबी कार्रवाई की बात कही. ईरानी सेना ने दावा किया कि उसने दक्षिणी ईरान पर अमेरिका के हमलों के जवाब में बहरीन स्थित शेख ईसा एयर बेस पर तैनात अमेरिकी बलों को निशाने पर लेते हुए ड्रोन हमला किया।
धमकी का दौर अब खत्म हो चुका है: ईरान
ईरानी संसद के स्पीकर मोहम्मद बगेर गालिबफ ने 14 सूत्रीय समझौते के टूटने पर अमेरिकी की निंदी की है। उन्होंने कहा कि यूएस ने डील के बावजूद ईरान पर हमले किए हैं, ये तेहरान के खिलाफ उनके दवाब की नीति को दिखाती है।
मोहम्मद बगेर गालिबफ ने एक्स पर पोस्ट कर लिखा, ‘धमकी और जबरन वसूली का युग अब खत्म हो चुका है. इससे कोई फायदा नहीं होता। हम झुकने वाले नहीं हैं.’ उन्होंने अमेरिका की ओर से उल्लंघन किए गए समझौते की लिस्ट जारी की, जिसमें स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में नियमों की अनदेखी, हमले की धमकियां, तेल प्रतिबंधों को फिर से लागू करना, दक्षिण ईरान पर हमले और लेबनान पर इजरायली हमले जारी रखना शामिल है।

