सीसीटीवी में कैद हुई कुख्यात चंदन मिश्रा पर हमले की घटना
पटना। राजधानी पटना में अपराधियों के हौसले इस कदर बुलंद हो चुके हैं कि अब महंगे निजी अस्पताल भी सुरक्षित नहीं बचे हैं। शहर के प्रतिष्ठित पारस हॉस्पिटल के अंदर घुसकर अपराधियों ने दिनदहाड़े कुख्यात अपराधी चंदन मिश्रा को गोली मार दी। यह पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि हमलावर अस्पताल के अंदर बिना किसी रोक-टोक के दाखिल होते हैं और बेहद नजदीक से चंदन मिश्रा को निशाना बनाते हैं। गोली लगते ही अस्पताल परिसर में अफरातफरी मच गई। अस्पताल में मौजूद मरीज, तीमारदार और कर्मी दहशत में इधर-उधर भागने लगे।
घायल चंदन मिश्रा को तत्काल इलाज के लिए इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया, जहां उसकी स्थिति गंभीर बताई जा रही है। घटना के बाद मौके पर पुलिस की टीम पहुंची और जांच शुरू कर दी गई है। साथ ही, सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में लेकर हमलावरों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।
यह घटना न केवल राजधानी की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है, बल्कि आम लोगों के मन में भय का माहौल भी पैदा करती है।

