Site icon Thenews15.in

मुजफ्फरपुर में सेक्स रैकेट का भंडाफोड़ : पति-पत्नी गिरफ्तार, पांच युवतियां मुक्त, दो होटल मैनेजर सहित पांच लोग दबोचे गए

मुजफ्फरपुर | बिहार के मुजफ्फरपुर में देह व्यापार के गोरखधंधे का बड़ा खुलासा हुआ है। नगर डीएसपी वन सीमा देवी के नेतृत्व में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए शहर के दो होटलों से सेक्स रैकेट संचालित करने वाले पति-पत्नी सहित पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने पांच पीड़ित युवतियों को मुक्त कराते हुए होटल से आपत्तिजनक सामग्रियों के साथ कई अहम सबूत भी बरामद किए हैं।

 

ऑटो ड्राइवर के झांसे में फंसी युवतियां:

 

डीएसपी ने बताया कि सेक्स रैकेट का खुलासा उस समय हुआ जब एक युवती ने साहस दिखाते हुए नगर थानेदार को कॉल कर मदद मांगी और अपने मोबाइल से लोकेशन भेजा। पीड़िता सकरा थाना क्षेत्र की रहने वाली है, जो पति से झगड़कर दिल्ली जाने निकली थी, लेकिन मुजफ्फरपुर स्टेशन पर ट्रेन छूट जाने के बाद ऑटो का इंतजार कर रही थी।
इस दौरान ऑटो चालक लक्ष्मण पासवान ने बहलाकर उसे कल्याणी चौक स्थित होटल में पहुंचा दिया, जहां उसे जबरन कमरे में बंद कर देह व्यापार में धकेलने की कोशिश की गई।

 

डीएसपी के नेतृत्व में छापेमारी

 

युवती द्वारा लोकेशन भेजे जाने के बाद डीएसपी सीमा देवी के नेतृत्व में नगर पुलिस की टीम ने छापेमारी की। दो होटलों में चल रही इस अवैध गतिविधि का खुलासा करते हुए चार अन्य युवतियों को भी मुक्त कराया गया। पुलिस ने मौके से:

एक इको स्पोर्ट्स कार,

एक ऑटो,

पांच मोबाइल फोन,

होटल का डीवीआर
जब्त किया है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान

पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें शामिल हैं:

दिलीप कुमार कुशवाहा (जुरन छपरा, ब्रह्मपुरा थाना),

उसकी पत्नी,

लक्ष्मण पासवान (सिकंदरपुर, ऑटो चालक),

अंकित कुमार (मानिक चौक, सीतामढ़ी),

पवन कुमार मंगेरिया (मोतीपुर)।

बताया जा रहा है कि दिलीप कुमार कुशवाहा एक राजनीतिक दल से भी जुड़ा हुआ है, वहीं लक्ष्मण पासवान स्टेशन व बस अड्डे से भोली-भाली लड़कियों को फंसा कर होटल पहुंचाने का काम करता था।

पूरे नेटवर्क की जांच जारी:

डीएसपी सीमा देवी ने बताया कि सभी आरोपियों से पूछताछ जारी है। जब्त मोबाइल व डीवीआर के फुटेज के आधार पर रैकेट से जुड़े अन्य चेहरों की पहचान की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही गिरोह से जुड़े अन्य लोगों को भी गिरफ्तार किया जाएगा।

“पूरे मामले की जांच पड़ताल की जा रही है। होटल से कई आपत्तिजनक सामग्री बरामद की गई है। जल्द ही गिरोह से जुड़े अन्य चेहरों को भी गिरफ्तार किया जाएगा।”

सीमा देवी, डीएसपी, मुजफ्फरपुर

Exit mobile version