नीट-यूजी 2026 का पेपर लीक होने के मामले में राज्यसभा सांसद और जाने माने वकील कपिल सिब्बल की प्रतिक्रिया सामने आई है। उन्होंने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि उनके मंत्री समझते हैं कि ये रूटीन मैटर है, गलती हो जाती है। उन्होंने कहा कि वोटर लिस्ट से लेकर एग्जाम तक, हर जगह तो लीक है।
इसका जिम्मेदार कौन है?- कपिल सिब्बल
कपिल सिब्बल ने मंगलवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए कहा, “हिंदुस्तान विकसित भारत की ओर बढ़ रहा है। शिक्षित भारत है नहीं लेकिन विकसित भारत की ओर बढ़ रहा है. जो शिक्षा दी जा रही है वो ऐसे दी जा रही है। ये आज की बात नहीं है. 2016 में लीक, 2021 में लीक, 2024 में लीक और 2026 में लीक, इसका जिम्मेदार कौन हैं? .
इसके आगे उन्होंने कहा, “प्रधानमंत्री को इसके बारे में बच्चों के साथ मन की बात करनी चाहिए न कि लीक क्यों हो रहा है? ये लीक पेपर तो पकड़ा गया और जहां नहीं पकड़े गए उनका क्या? व्यापम क्या था, उसका कुछ हुआ? किसी का इस्तीफा लिया? इसकी जिम्मेदारी कौन लेगा? शिक्षा मंत्री तो देंगे नहीं तो कौन लेगा? ”
2019 में 65-70 पेपर लीक हुए- सिब्बल
कपिल सिब्बल ने कहा, “नीट की बात छोड़ दीजिए, 65 से 70 एग्जाम के पेपर देश भर में 2019 में लीक हुए हैं। कोई बोलता है इसके बारे में, कोई चर्चा होती है? ये एक ट्रेंड बन गया है कि जब इम्तिहान होंगे तब लीक होंगे. लीक कहां हो रहे हैं, ये भी बड़ी दिलचस्प बात है। बिहार- इनकी सरकार, महाराष्ट्र- इनकी सरकार, राजस्थान- इनकी सरकार, गुजरात, उत्तराखंड, ऐसा क्यों हैं कि केवल बीजेपी की सरकार वाले राज्यों में पेपर लीक होते हैं? कोई खास दिलचस्पी है इनकी छात्रों के प्रति?”
जिस सरकार में हो, शिक्षा मंत्री इस्तीफ दें- सिब्बल
राज्यसभा सांसद ने ये भी कहा, “इसमें तुरंत एफआईआर होनी चाहिए थी, तुरंत सीबीआई को सौंपी जानी चाहिए थी, इसमें इतनी देर क्यों हुई? छात्र सालों साल तक पढ़कर इम्तिहान देते हैं, उनकी कोई सोचता है? इसमें गरीब आदमी के भी बच्चे आते हैं. मैं तो मानता हूं कि जिस सरकार में भी ये हो रहा है, उनको एक सजा के तौर पर, जो भी शिक्षा मंत्री हैं सबको इस्तीफा देना चाहिए. केंद्र में तो खैर कोई इस्तीफा देगा भी नहीं. जो शासन-प्रशासन इम्तिहान ठीक से नहीं करा सकता वो देश क्या चलाएगा?”

