Site icon Thenews15.in

राज्यसभा चुनाव: सपा ने नहीं बनाया मुस्लिम प्रत्याशी तो ST हसन बोले- ‘अखिलेश मुसलमानों के…’

यूपी राज्यसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी ने उम्मीदवारों के नामों का ऐलान कर दिया। इस बीच सपा चीफ अखिलेश यादव द्वारा राज्यसभा में मुस्लिम प्रत्याशी नहीं बनाए जाने को लेकर सवाल खड़े होना शुरू हो गए हैं। इस बीच सपा के पूर्व सांसद एसटी हसन की प्रतिक्रिया आई है।

दरअसल एसटी हसन से सवाल पूछा गया, “समाजवादी पार्टी ने किसी मुस्लिम को राज्यसभा का प्रत्याशी न बना कर, जिसके पिता NDA के समर्थन से राज्य सभा में सांसद हैं उन्हें राज्य सभा का प्रत्याशी बनाया है ऐसे में PDA का क्या हुआ?” इस सवाल के जवाब में डॉ एसटी हसन ने कहा कि हम NDA को कोई मजबूत नहीं कर रहे। किसी मुस्लिम को राज्य सभा न भेजे जाने से हमें कोई तकलीफ नहीं है, बल्कि यह हमारे नेता अखिलेश यादव की रणनीति है।
 

ज्ञानेश कुमार को लेकर हो रहे प्रदर्शन पर क्या कहा?

 

मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ हो रहे प्रदर्शनों को एसटी हसन ने सही बताते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त पर निशाना साधा और कहा कि इन्होंने एक एक कमरे में 100-100 वोट बना दिए और 28 लाख लोगों के वोट हटा दिए जो लोग मौजूद हैं। ऐसे में सुप्रीम कोर्ट ने भी बड़ा अजीबोगरीब फैसला सुना दिया कि अगर इस बार आप वोट नहीं डाल सके तो अगली बार आप वोट डाल लेना।

उन्होंने आगे कहा कि किस तरह से सरकारें, नेता और वोट चुराए जा रहे हैं। इससे तो हम हिटलर शाही के युग में आ गए हैं और लोकतंत्र से बहुत दूर चले गए हैं. वहीं सपा नेता ने एसटी हसन ने इमरान मसूद को यूपी कांग्रेस का कार्यवाहक अध्यक्ष बनाए जाने पर कहा कि इस के पीछे गठबंधन में अधिक से अधिक सीटें लेने की प्रेशर टैक्टिस (दबाव की रणनीति) है, क्योंकि इमरान मसूद लगातार ऐसे बयान दे रहे हैं, जिससे गठबंधन में दरार आ जाए।

उन्होंने कहा कि हम तो ये कहना चाहेंगे कि गठबंधन में आप जितनी सीट जीतने की हालत में हों, उतनी सीट लें। वरना हारने के लिए ज्यादा से ज्यादा सीटें न लें इसमें न मेरा दखल है. न इमरान मसूद का दखल है. इसमें राहुल गांधी और अखिलेश यादव का दखल है।

 

फ्लाई दुबई फ्लाइट के मामले पर क्या बोले?

 

दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाई दुबई की फ्लाइट में हुई घटना को लेकर भी एसटी हसन ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि हम सबसे पहले तो भारतीय पायलट को सलाम पेश करते हैं, जिसने देश की इज्जत बचाई और देश का मान पूरी दुनिया के आगे बढ़ाया है. वह अपनी जान पर खेल गया और उसने 170 यात्रियों की जान बचाई है. हम अपने पायलट की जितनी तारीफ करें कम है।

एसटी हसन ने आगे कहा कि दूसरी बात ये यह आतंकवादी हमला था या नहीं यह तो जांच के बाद साबित होगा। कॉकपिट में क्या बात हुई उससे पता चलेगा कि यह आतंकवादी हमला था या किसी और कारण से उसमें झगड़ा हो रहा था. हम यह कहना चाहते हैं कि जिस तरह अमेरिका और इजरायल ने जांच पूरी होने से पहले ही इसे आतंकवादी हमला घोषित कर दिया है।

उन्होंने आरोप लगाया कि इसके पीछे उनकी मंशा ईरान पर हमला करना है, जिस तरह अमेरिका ने 9/11 के बाद अफगानिस्तान पर हमले किए थे। शायद इसके पीछे भी उनकी यही मंशा हो, ईरान तो चाहता है कि अमेरिका और इजरायल उस पर हमला करें और फिर वह इन्हें मुंह तोड़ जवाब दे।

सपा नेता ने कहा कि इसका जिहादी कनेक्शन हो भी सकता है और नहीं भी हो सकता है, लेकिन जिस तरह पश्चिमी मीडिया माहौल बना रही है इससे पहले इराक के पास घातक हथियार बता कर इन्होंने हमले किए थे और वहां सब कुछ बर्बाद कर दिया गया. सद्दाम हुसैन को फांसी पर चढ़ा दिया और वहां कोई घातक हथियार नहीं निकले ये तो दुनिया में गुंडागर्दी कर रहे है और हम सब देख रहे हैं।

Exit mobile version