उत्तराखंड में बीते चौबीस घंटों की बारिश ने जमकर तबाही मचाई है, राज्य के अलग-अलग हिस्सों में अब तक 8 लोगों की जान जा चुकी है। अल्मोड़ा में एक घर में अचानक मलबा घुस आने से मां और उसके दो बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि इसी जिले में एक दीवार गिरने से दो नेपाली मजदूर भी काल के गाल में समा गए। देहरादून के प्रेमनगर इलाके में एक कार बरसाती नाले के तेज बहाव में बह गई, जिसमें सवार एक युवक समेत दो लोगों की मौत हो गई।
इसी तरह उत्तरकाशी के चिन्यालीसौड़ के पास एक झील से भी एक शव बरामद हुआ है, भारी बारिश की वजह से राज्य के कई क्षेत्रों में भूस्खलन और भू धसाव की घटनाएं सामने आई हैं. मसूरी-देहरादून मार्ग और थराली-देवाल सड़क समेत कई रास्ते बाधित हो गए हैं, अल्मोड़ा में तो सड़क का करीब 10 मीटर हिस्सा ही बह गया. फिलहाल आपदा प्रबंधन विभाग और SDRF की टीमें मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव में जुटी हैं।

