नागपुर के रहने वाले एक स्टूडेंट को नेशनल टेस्टिंग एजेंसी यानी NTA ने NEET री-एग्जाम का सेंटर अबू धाबी में दिया है। छात्र का कहना है कि उसके पास ना तो पासपोर्ट है और न परिवार के पास विदेश भेजने के पैसे हैं। अब इस मामले में लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी का रिएक्शन सामने आया है। राहुल गांधी ने एक्स पर लिखा, ‘नागपुर का एक बच्चा एक महीने से NEET re-exam की तैयारी कर रहा था। कल परीक्षा से ठीक एक दिन पहले उसने एडमिट कार्ड डाउनलोड किया। उसका सेंटर निकला – अबू धाबी.’
उन्होंने कहा कि न तो छात्र के पास पासपोर्ट है और न परिवार के पास विदेश भेजने के पैसे और न ही अब कोई वक़्त बचा है। वो रातभर रोता रहा और परीक्षा देने से ही मना कर रहा है – क्या इस तनाव की कल्पना भी की जा सकती है? राहुल गांधी ने सवाल पूछा, ‘आखिर ऐसा हुआ भी कैसे? कल किसी भी छात्र को सेंटर तक न पहुंच पाने की शिकायत नहीं होनी चाहिए। NTA असल में देश के बच्चों और उनके माता-पिता का सिर्फ़ धीरज टेस्ट कर रही है. जो सिस्टम एक बच्चे को अपने ही शहर में एक सेंटर नहीं दे सकती, उल्टा विदेश भेज सकती है – उसे परीक्षा करवाने का कोई हक़ नहीं।

