Site icon Thenews15.in

मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और महाभियोग की मांग को लेकर किसान सभा व किसान एकता संघ का प्रदर्शन

किसान नेताओं एवं सामाजिक-राजनीतिक कार्यकर्ताओं की नजरबंदी के विरोध में राष्ट्रपति के नाम एसडीएम को सौंपा ज्ञापन

ग्रेटर नोएडा। आज किसान सभा और किसान एकता संघ के कार्यकर्ताओं एवं नेताओं ने जेपी ग्रीन सोसाइटी के नर्मदा गेट पर भारी संख्या में एकत्र होकर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के विरोध में नारेबाजी की। भारी पुलिस बल की मौजूदगी में कार्यकर्ताओं ने पुलिस द्वारा किसान सभा सहित अन्य सामाजिक एवं राजनीतिक कार्यकर्ताओं को नजरबंद किए जाने का विरोध किया। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस कार्रवाई को लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक अधिकारों का उल्लंघन बताते हुए राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन एसडीएम को सौंपा।

इस मौके पर किसान सभा के जिला अध्यक्ष डॉ. रुपेश वर्मा ने कहा कि देश के लोकतंत्र पर तीन तरफा हमला हो रहा है। पहला, वोट लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत है, लेकिन चुनावी प्रक्रिया में वोट चोरी के आरोप लोकतांत्रिक व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करते हैं। दूसरा, चुनावी प्रक्रिया के खिलाफ आवाज उठाने वालों को नजरबंद कर विरोध की आवाज को दबाने का प्रयास किया जा रहा है। तीसरा, पुलिस की कार्रवाई नागरिकों के बोलने, शांतिपूर्ण विरोध करने और अपनी बात रखने के बुनियादी संवैधानिक अधिकारों को प्रभावित कर रही है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में असहमति और विरोध के अधिकार का सम्मान किया जाना चाहिए।

किसान सभा के संयोजक वीर सिंह नगर ने कहा कि किसान सभा और किसान एकता संघ सरकार की नीतियों तथा पुलिस की कार्रवाई के खिलाफ लोकतांत्रिक तरीके से विरोध जारी रखेंगे। उन्होंने गौतम बुद्ध नगर पुलिस की कार्रवाई की निंदा करते हुए मांग की कि किसान नेताओं एवं सभी सामाजिक-राजनीतिक कार्यकर्ताओं की नजरबंदी तत्काल समाप्त की जाए और शांतिपूर्ण विरोध के अधिकार को सुनिश्चित किया जाए। प्रदर्शनकारियों ने राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन देकर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और उनके विरुद्ध महाभियोग की मांग, किसान नेताओं एवं सामाजिक-राजनीतिक कार्यकर्ताओं की नजरबंदी तत्काल समाप्त करने तथा कथित पुलिस दमन के लिए जिम्मेदार पुलिस अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई करने की मांग उठाई।

ज्ञापन सौंपने के दौरान नर्मदा गेट के सामने पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच काफी खींचतान हुई। इस दौरान सड़क पर लंबा जाम लग गया। भारी पुलिस बल की मौजूदगी में प्रदर्शनकारियों ने अपनी मांगों को उठाते हुए ज्ञापन सौंपा। इस अवसर पर पूर्व बार अध्यक्ष जगतपाल भाटी, बुधपाल यादव, शिशांत भाटी, गुरप्रीत एडवोकेट, राहुल नागर, निशांत रावल, भोजराज रावल, सुशील सुनपुरा, सुधीर रावल, नरेश नगर, लाल नगर, विनोद नगर, कृष्ण यादव, पदम यादव, सुले यादव, उम्मेद त्यागी सहित सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Exit mobile version