Site icon Thenews15.in

प्रॉपर्टी डीलर को दिनदहाड़े मारी गोली, हालत गंभीर

-जमीन विवाद की आशंका

बेतिया: शुक्रवार को बेतिया में अपराधियों ने एक प्रॉपर्टी डीलर पर जानलेवा हमला कर दिया। बरवत के विद्याश्रम के पास अपनी जमीन पर पहुंचे सुरेश यादव (45) को अज्ञात हमलावरों ने गोली मार दी। तीन गोलियां लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल बेतिया जीएमसीएच ले जाया गया, जहां से हालत नाजुक होने पर पटना रेफर कर दिया गया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू की। बेतिया के एसपी डॉ. शौर्य सुमन ने बताया कि सुरेश यादव अब खतरे से बाहर हैं और प्रारंभिक जांच में यह मामला जमीन विवाद से जुड़ा प्रतीत होता है। सुरेश का पहले से ही तहसील थाना क्षेत्र में एक विवाद दर्ज था, जिसे आधार बनाकर जांच की जा रही है।

पुलिस के अनुसार, हमलावर अपाचे बाइक पर सवार थे और वारदात को अंजाम देने के बाद फरार हो गए। पुलिस ने घटनास्थल से तकनीकी साक्ष्य जुटाए हैं और अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं।

परिजनों ने दोषियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर सख्त सजा देने की मांग की है। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि अपराधियों को बख्शा नहीं जाएगा।

Exit mobile version