Site icon Thenews15.in

बढ़ते श्रमिक उत्पीड़न के खिलाफ 1 दिसंबर को दिल्ली घेराव करेंगे सीटू कार्यकर्ता : गंगेश्वर दत्त शर्मा

नोएडा । सरकार की मजदूर विरोधी, जन विरोधी नीतियों और लगातार बढ़ रहे श्रमिक उत्पीड़न के खिलाफ सेंटर ऑफ इंडियन ट्रेड यूनियन्स (सीटू) के राष्ट्रीय आह्वान पर 1 दिसंबर से 3 दिसंबर 2026 को होने वाले दिल्ली घेराव / दिल्ली चलो आंदोलन को सफल बनाने के लिए सीटू जिला कमेटी गौतम बुद्ध नगर द्वारा जन अभियान तेज कर दिया गया है।

इसी अभियान के तहत आज वाइबो कास्टिक कंपनी फेस-2, नोएडा के कर्मचारियों की आम सभा फेस -2 पार्क, नोएडा में आयोजित हुई। सभा को सीटू जिला महासचिव रामस्वारथ, जिला सचिव गंगेश्वर दत्त शर्मा, वाइबो कास्टिक एम्प्लाइज यूनियन के नेता विकास कुमार, हुकम सिंह, सुनील पंडित आदि ने संबोधित किया।

सभा को संबोधित करते हुए सीटू जिला सचिव गंगेश्वर दत्त शर्मा ने कहा कि केंद्र सरकार की नीतियाँ लगातार मजदूर-किसान विरोधी होती जा रही हैं। महंगाई, बेरोजगारी, निजीकरण और 4 लेबर कोड के जरिये श्रम कानूनों को खत्म करने की साजिश के खिलाफ अब निर्णायक संघर्ष – लड़ाई आर-पार की होगी। उन्होंने सभी श्रमिकों से 1 दिसंबर 2026 को दिल्ली घेराव में बढ़-चढ़ कर हिस्सा लेने की अपील की।

साथ ही उन्होंने वाइबो कास्टिक कंपनी के कर्मचारियों के वेतन व अन्य सुविधाओं में बढ़ोतरी को लेकर प्रबंधन के साथ हुए समझौते पर वाइबो कास्टिक एम्प्लाइज यूनियन के सभी पदाधिकारियों व सदस्यों को उनकी एकजुटता, सूझबूझ और संघर्ष से दबाव बनाकर समझौता करवाने के लिए सीटू की ओर से क्रांतिकारी बधाई दी। मुख्य केंद्रीय मांगें – दिल्ली चलो आंदोलन: 1. LABOUR CODES वापस लो 2. स्कीम वर्करों को श्रमिक का दर्जा 3. न्यूनतम वेतन ₹42,000 और पेंशन ₹21,000 4. सभी रिक्त सरकारी/PSU पद भरो 5. कार्यस्थल पर सुरक्षा सुनिश्चित करो

Exit mobile version