अनुज कुमार शर्मा
बिजनौर। जिलाधिकारी जसजीत कौर की अध्यक्षता में आज दोपहर 1:30 बजे कलेक्ट्रेट सभागार में NCORD की जिला स्तरीय समिति, अभियोजन एवं जिला कारागार के कार्यों एवं पोस्टमार्टम के लिए सम्बन्धित मासिक विवरण पत्रों की समीक्षा बैठक आयोजित हुई।
जिलाधिकारी श्रीमती कौर ने निर्देश दिए कि जिले के हिस्ट्रीशीटर पर विशेष ध्यान दें व हिस्ट्रीशीटर प्रकरणों में सही पैरवी की जाए और कोई भी मुजरिम सजा पाने से ना बच सके। उन्होंने निर्देश दिए कि पॉक्सो एक्ट के तहत प्रकरणों की पूर्ण गंभीरता और सजगता के साथ जांच कर आख्या प्रस्तुत करें ताकि पीड़ित को न्याय और दोषी को सजा मिल सके। उन्होंने निर्देश दिए कि वादों के प्रकरणों के निस्तारण में अपेक्षित तेजी लाएं ताकि लम्बित प्रकरणों का निराकरण किया जाना सम्भव हो सके।
नेहरू स्टेडियम में युवाओं द्वारा मादक पदार्थों के सेवन करने की शिकायत पर उन्होंने संबंधित को निर्देश दिए कि नेहरू स्टेडियम व अन्य खेल मैदानों पर औचक निरीक्षण करना सुनिश्चित करें। उन्होंने निर्देश दिए कि मादक पदार्थों की अवैध बिक्री एवं उसके दुरूपयोग पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने के लिए स्थलों पर जन जागरूक अभियान चलाएं तथा ड्रग्स एवं मादक पदार्थों के सेवन पर रोक लगाये जाने के लिए सार्वजनिक एवं संदिग्ध स्थानों तथा मेडिकल स्टोरों पर नशीले पदार्थों की बिक्री पर पूर्ण रोकथाम के लिए औषधि निरीक्षक सघन जांच पड़ताल करें तथा जांच के दौरान एन.डी.पी.एस/नारकोटिक्स ड्रग्स/इनहेलर आदि के दुरुपयोग के दृष्टिगत मेडिकल स्टोरों की निरन्तर निगरानी तथा बिना लाइसेंस की दुकानों पर ड्रग्स विभाग/पुलिस विभाग एवं आबकारी विभाग संयुक्त रूप से कार्यवाही करें। उन्होंने जिला विद्यालय निरीक्षक एवं बेसिक शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिए कि जिले के सभी विद्यालयों में निरंतर ड्रग्स एवं नशीले पदार्थों के खिलाफ अभियान चलाना सुनिश्चित करें।
उन्होंने जिला आबकारी अधिकारी को निर्देश दिए कि जिले के समस्त क्षेत्रों में एंटी नारकोटिक्स गतिविधियों पर नियंत्रण रखने के लिए स्वयं निगरानी करें। उन्होंने निर्देशित करते हुए कहा कि चैकिंग आदि के दौरान पकड़े गए मादक पदार्थों का विनष्टीकरण त्वरित रूप से कराना सुनिश्चित करें, जिससे उक्त मादक पदार्थों का दुरूपयोग होने की सम्भावना न रहे। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि नारकोटिक्स तथा मादक पदार्थाे की तस्करी व अवैध व्यापार में संलिप्त संदिग्ध व्यक्तियों को चिन्हित करते हुए, उन पर सतर्क निगरानी रखी जाये।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक अभिषेक झा, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व श्रीमती वान्या सिंह, अभियोजन अधिकारी, जिला आबकारी अधिकारी सहित सभी डीजीसी एवं संबंधित अधिकारी मौजूद थे।

