Site icon Thenews15.in

पं. दीन दयाल उपाध्याय मंडल संसदीय समिति की बैठक संपन्न, सांसदों ने दिए रेल विकास के महत्वपूर्ण सुझाव

हाजीपुर। पं. दीन दयाल उपाध्याय मंडल की मंडल संसदीय समिति की बैठक आज मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय, डीडीयू के सभागार में संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता पलामू से सांसद श्री विष्णु दयाल राम ने की, जिसमें मंडल क्षेत्राधिकार के अंतर्गत आने वाले अनेक सांसदों एवं उनके प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

बैठक में पूर्व मध्य रेल के महाप्रबंधक श्री छत्रसाल सिंह, मंडल रेल प्रबंधक श्री उदय सिंह मीना तथा मुख्यालय एवं मंडल के अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे। सांसदों द्वारा जनहित से जुड़े रेल मुद्दों, यात्री सुविधाओं, आधारभूत संरचना विकास एवं क्षेत्रीय रेल परियोजनाओं पर अपने विचार रखे गए।

इस बैठक में उपस्थित प्रमुख सांसदों में श्री वीरेंद्र सिंह (चंदौली), श्री मनोज कुमार (सासाराम), श्री सुदामा प्रसाद (आरा), श्री राजा राम सिंह (काराकाट), राज्यसभा सांसद श्रीमती दर्शना सिंह एवं श्रीमती साधना सिंह शामिल थीं। इसके अतिरिक्त कई सांसदों के प्रतिनिधियों ने भी बैठक में भाग लिया।

महाप्रबंधक श्री छत्रसाल सिंह ने अपने संबोधन में बताया कि प्रयागराज कुंभ मेला के दौरान मंडल द्वारा 1760 स्पेशल ट्रेनों का सफल संचालन किया गया। यात्री सुविधा को ध्यान में रखते हुए प्रमुख स्टेशनों पर होल्डिंग एरिया, टिकट काउंटर और नियंत्रण कक्ष की व्यवस्था की गई। मंडल में अब तक 22 एटीवीएम मशीनें लगाई गई हैं, और 12 स्टेशनों पर फुट ओवर ब्रिज का निर्माण पूर्ण हो चुका है, जबकि 21 स्टेशनों पर कार्य प्रगति पर है।

डीडीयू मंडल के 15 स्टेशनों के पुनर्विकास कार्य जारी हैं, और गया स्टेशन को वर्ल्ड क्लास बनाने की दिशा में तीव्र गति से कार्य हो रहा है। महाप्रबंधक ने सांसदों द्वारा दिए गए बहुमूल्य सुझावों के लिए आभार व्यक्त करते हुए आश्वस्त किया कि इनसे भविष्य की रेल परियोजनाओं की रणनीति बनाने में मदद मिलेगी।

Exit mobile version