Site icon Thenews15.in

किसान सभा की मांग पर 64.7% अतिरिक्त मुआवजे के वितरण के आदेश लखनऊ से जारी

ग्रेटर नोएडा। किसान सभा की लगातार मांग और आंदोलन के दबाव के बाद 64.7% अतिरिक्त मुआवजे के वितरण के संबंध में शासन स्तर से आदेश जारी कर दिए गए हैं। आदेश प्राप्त होने के बाद संबंधित किसानों को मुआवजा वितरण की प्रक्रिया आगे बढ़ने का रास्ता साफ हो गया है।

किसान सभा के जिला अध्यक्ष डॉ. रुपेश वर्मा ने बताया कि वर्ष 2022 में स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने किसानों की समस्याओं को लेकर जनपद आगमन पर माननीय मुख्यमंत्री के साथ वार्ता की थी। उस बैठक की कार्यवाही (Minutes of Meeting) में अतिरिक्त मुआवजे के वितरण को केवल उन किसानों तक सीमित कर दिया गया था, जो गजराज सिंह आदि प्रकरणों में याची थे। इसके कारण ग्रेटर नोएडा क्षेत्र के लगभग 700 किसानों का 64.7% अतिरिक्त मुआवजा वितरण रुक गया था।

किसान सभा इस समस्या को लगातार अपने आंदोलनों और अधिकारियों के साथ वार्ताओं के माध्यम से उठाती रही है। 16 सितंबर को अधिकारियों के साथ हुई वार्ता में अधिकारियों ने आश्वासन दिया था कि मुआवजा वितरण के संबंध में शीघ्र ही शासन स्तर से आदेश प्राप्त कर लिया जाएगा और आदेश जारी होते ही वितरण की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। अब शासन से आदेश प्राप्त हो चुके हैं। किसान सभा ने इसे किसानों की लंबे समय से लंबित मांग के समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया है। एवं में से किसान सभा की जीत बताया।

किसान सभा के संयोजक वीर सिंह नगर ने कहा कि किसान सभा किसानों के 10% विकसित भूखंड सहित सभी लंबित मुद्दों को लेकर लगातार संघर्ष करती रहेगी। प्रशासन द्वारा 5 सितंबर तक 10% प्लॉट के मुद्दे पर वार्ता की तारीख देने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन अभी तक वार्ता की कोई तारीख निर्धारित नहीं की गई है। उन्होंने कहा कि यदि प्रशासन शीघ्र वार्ता की तारीख तय नहीं करता है तो किसान संघर्ष मोर्चा आंदोलन की अगली तारीख की घोषणा करेगा।

Exit mobile version