Site icon Thenews15.in

बिहार विधानसभा में विपक्ष ने चलाया शैडो सदन

राम नरेश

पटना। विपक्ष ने बिहार विधानसभा में गुरुवार को समानांतर सदन चलाया। इस दौरान विपक्ष ने सीपीआईएमएल के विधायक को स्पीकर बनाकर सदन की कार्यवाही की।

बिहार सरकार के खिलाफ विपक्ष का सड़क से सदन तक हंगामा जारी है। गुरुवार को भी विपक्ष ने आक्रामक तेवर दिखाते हुए बिहार विधानसभा में समानांतर सदन चलाया। इससे पहले विधानसभा की कार्यवाही शुरू होते ही विपक्षी सदस्यों ने हंगामा शुरू कर दिया और सीएम नीतीश कुमार के इस्तीफे की मांग की।

विधानसभा की कार्यवाही शुरू होते ही विपक्ष के तमाम सदस्य वेल के अंदर दाखिल हो गये और सरकार के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी।‌ हद तो तब हो गई जब सदन के अंदर ही तमाम विपक्षी सदस्यों ने समानांतर सदन चलाना शुरू कर दिया। इस दौरान सीपीआईएमएल के विधायक महबूब आलम को विधानसभा अध्यक्ष बनाकर कुर्सी पर बिठाया गया और तमाम विपक्षी सदस्य उनके सामने फरियाद करने लगे।

विपक्ष के हंगामे और समानांतर सदन चलाने के कारण पूरे सदन में माहौल अराजक बना रहा। विपक्ष के शोर-शराबे और समानांतर सदन चलाने के बीच ही बिहार विधानसभा की आधिकारिक कार्यवाही भी चलती रही। ये पहला मौका था जब विधानसभा के अंदर समानांतर सदन चलाया गया।

विपक्षी नेताओं के हंगामे के कारण विधानसभा की कार्यवाही कई बार बाधित हुई। हंगामे को देखते हुए सदन 2 बजे तक स्थगित कर दिया गया। वहीं 2 बजे के बाद जब कार्यवाही शुरू हुई तो अनुपूरक बजट पर चर्चा हुई। पिछले दो दिनों से विपक्षी दलों के हंगामे के कारण सदन के कार्यवाही सही ढंग से नहीं चल पा रही है।

Exit mobile version