Site icon Thenews15.in

प्रोजेक्ट मौसम को लेकर एनयू और आर्कियोलॉजी की बैठक

राम विलास
राजगीर। नालंदा अंतर्राष्ट्रीय विश्वविद्यालय और भारतीय पुरातत्त्व सर्वेक्षण के बीच प्रोजेक्ट मौसम को लेकर शनिवार को विश्वविद्यालय में खास बैठक का आयोजन किया गया। विश्वविद्यालय की ओर से कुलपति प्रो अभय कुमार सिंह और भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण की ओर से एएसआई के महानिदेशक यदुवीर सिंह रावत, संयुक्त महानिदेशक एम एस चौहान, पटना सर्किल की अधीक्षण पुरातत्वविद् डाॅ गौतमी भट्टाचार्य, कंसल्टेंट सुश्री सुसान मिश्रा, कंसल्टेंट डाॅ सुरेश एवं अन्य पदाधिकारी बैठक में शामिल हुए।

विश्वविद्यालय और महानिदेशक की टीम के बीच प्रोजेक्ट मौसम को लेकर आयोजित महत्वपूर्ण बैठक में गहन चर्चा की गयी। बैठक में भारतीय और विदेशी पुरातात्विक स्थलों के लिए परियोजना प्रस्ताव को अंतिम रूप दिया गया।

यह प्रयास प्राचीन व्यापार और वाणिज्य, ज्ञान मार्ग, धर्म, बौद्ध कला और वास्तुकला, मैरीटाइम और भारतीय संस्कृति से संबंधित स्थलों के दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण हैं। प्रोजेक्ट ‘मौसम’ संस्कृति मंत्रालय की एक परियोजना है, जिसमें नालंदा विश्वविद्यालय आकादमिक सहयोगी के रूप में सम्मिलित है।

भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण और राष्ट्रीय संग्रहालय सहयोगी निकायों के रूप में सम्मिलित हैं। इसके पूर्व महानिदेशक द्वारा नालंदा के पुरातत्व संग्रहालय के निर्माण कार्यों का निरिक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान डीजी द्वारा आवश्यक दिशा निर्देश दिया गया।

Exit mobile version