Site icon Thenews15.in

Noida News : विशेष अभियान में 10576  लोगों ने कराया कोविड टीकाकरण

Noida News : करीब 8300 लोगों ने सतर्कता डोज लगवाई

नोएडा ।  जनपद में बृहस्पतिवार को चले विशेष टीकाकरण अभियान में 10576 लोगों ने कोविड से बचाव को टीकाकरण कराया। एक बार फिर  21 अगस्त (रविवार) को जनपद में सतर्कता डोज के लिए महाअभियान चलाया जाएगा।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डा. सुनील कुमार शर्मा ने कहा  कि सतर्कता डोज कोविड से बचाव के लिए बेहद जरूरी है, इसे सभी पात्र लाभार्थियों को लगवानी चाहिये।
कोविड टीकाकरण कार्यक्रम के प्रभारी डा. सिमिथ यादव ने बताया – बृहस्पतिवार को जनपद में 111 केन्द्रों पर टीकाकरण का विशेष अभियान चलाया गया, जिसमें 10576 लोगों ने टीकाकरण कराया। इसमें करीब 8300 लोगों ने सतर्कता डोज लगवाई। उन्होंने बताया- अब 21 अगस्त (रविवार) को जनपद में सतर्कता डोज के लिए महाअभियान चलाया जाएगा। करीब 150 केन्द्रों पर टीकाकरण की व्यवस्था रहेगी। डा. यादव ने बताया – जनपद में 30 सितम्बर तक 16 लाख लाभार्थियों को सतर्कता डोज देने का लक्ष्य है। उन्होंने अपील की है कि जो लोग छह माह पहले दूसरी डोज लगवा चुके हैं, वह सतर्कता डोज अवश्य लगवा लें।
आजादी के  अमृत महोत्सव के अंतर्गत 15 जुलाई से ढाई माह का विशेष अभियान शुरू किया गया है। अभियान के अंतर्गत 18 वर्ष से अधिक आयु वाले सभी लाभार्थियों को स्वास्थ्य विभाग की ओर से निशुल्क सतर्कता डोज लगाई जा रही है। इससे पहले केवल स्वास्थ्य कर्मियों, फ्रंटलाइन वर्कर्स और वरिष्ठ नागरिकों को ही निशुल्क सतर्कता डोज की सुविधा थी।
उन्होंने बताया- कोविशील्ड और कोवैक्सीन का टीका लेने वाले लाभार्थी सतर्कता डोज के लिए कोर्बिवैक्स का चयन कर सकते हैं, भारत सरकार ने इसकी अनुमति दे दी है। कोर्बी वैक्स पूरी तरह सुरक्षित और कारगर है। पहले यह वैक्सीन केवल 12 से 15 वर्ष तक के बच्चों को दी जा रही थी। सरकार का प्रयास है कि कोविडरोधी टीके की दूसरी डोज के छह माह पूरे करने वाले सभी लाभार्थियों को जल्दी से जल्दी सतर्कता डोज दे दी जाए।

Exit mobile version