नीट यूजी पेपर लीक मामले में बुधवार को सुप्रीम कोर्ट में अहम सुनवाई हुई। इस दौरान सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने बताया कि प्रश्न पत्र तैयार करने से लेकर छात्रों तक पहुंचाने में गोपनीयता को लेकर कितनी सावधानी बरती जाती है। उन्होंने कहा कि NEET परीक्षा के लिए बना सिस्टम पूरी तरह सुरक्षित (फूलप्रूफ) है और इसमें सेंध लगाना मुश्किल है। सॉलिसिटर ने कहा कि NEET के प्रश्न-पत्र ले जाने वाली गाड़ियों में GPS लगा है, छोटी-सी हरकत भी रिकॉर्ड होती है। कई मॉडरेटर से प्रश्न बैंक तैयार करने को कहा गया है, उन्हें नहीं पता कि कौन-से सवाल प्रश्न-पत्र का हिस्सा बनेंगे।
आप यूपीएससी को देखिए- सुप्रीम कोर्ट
इसपर जज ने कहा कि आप जो बता रहे हैं, उन सब बातों की राधाकृष्णन कमिटी समीक्षा कर चुकी है। कमिटी ने संस्थागत समस्याओं की बात कही थी. हम चाहते हैं कि दूरगामी समाधान हो। उन्होंने कहा, ”आप यूपीएससी को देखिए. परीक्षा बिना समस्या के आयोजित हो रही है. NTA को भी ऐसा करना होगा। विशेषज्ञ अधिकारी नियुक्त कीजिए जो बदलती तकनीक को समझते हों। ‘
नया हलफनामा दाखिल करने का आदेश
कोर्ट ने केंद्र से नया हलफनामा दाखिल करने को कहा – अब 3 सप्ताह के बाद अगली सुनवाई होगी। कोर्ट ने पूछा कि NTA में संस्थागत सुधार के लिए राधाकृष्णन समिति की सिफारिशों को लागू करने के लिए अब तक क्या कदम उठाए गए हैं? नीट पेपर लीक के बाद सुप्रीम कोर्ट में कई याचिकाएं दाखिल की गई है. इसी पर सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई हो रही है। पिछली सुनवाई के दौरान केंद्र सरकार ने हलफनामा दायर कर बताया था कि वह भविष्य में कंप्यूटर बेस्ड टेस्ट और JEE की तरह दो चरणों- मेन और एडवांस्ड में नीट परीक्षा के आयोजन पर विचार कर रही है. साथ ही, परीक्षा प्रणाली में और भी कई व्यापक सुधार किए जाएंगे। अब कोर्ट ने केंद्र से नया हलफनामा देने के लिए कहा है।

