Site icon Thenews15.in

US में हिंदू मंदिर में गोलीबारी की साजिश पर भड़का MEA,  बढ़ रही है- भारत विरोधी नफरत!

अमेरिका के इलिनॉय राज्य में एक हिंदू मंदिर को निशाना बनाकर बड़े पैमाने पर गोलीबारी की साजिश की भारत ने निंदा की। भारतीय विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने इस मामले पर बयान जारी करते हुए कहा कि अमेरिका के ऑरोरा इलाके में स्थित मंदिर पर हमले की खबर बेहद चिंताजनक है। उन्होंने कहा कि इस साजिश के पीछे जिस तरह की नफरती, नस्लवादी और भारत विरोधी मानसिकता सामने आई है, वह बहुत परेशान करने वाली है।

विदेश मंत्रालय ने कहा, ‘अमेरिका के इलिनॉय राज्य में ऑरोरा इलाके के एक हिंदू मंदिर को निशाना बनाकर की जाने वाली गोलीबारी की साजिश की खबरों से भारत बहुत चिंतित है। उन्होंने इस साजिश को बेहद परेशान करने वाला बताया और कहा कि इसमें हिंदू धर्म और भारतीयों के खिलाफ जिस तरह की नस्लवादी सोच और हिंसा की बात सामने आई है, वह चिंताजनक है।

अमेरिका के इलिनॉय राज्य के ऑरोरा इलाके में स्थित एक हिंदू मंदिर को निशाना बनाने की साजिश के आरोप में 19 साल के एक युवक को गिरफ्तार किया गया है। अधिकारियों के मुताबिक, पैलेटाइन इलाके के रहने वाले अलेक्जेंड्रोस पापोरकिस नाम के इस युवक के पास से जांच के दौरान एक नफरती लेटर बरामद हुआ है. इसमें व्हाइट सुप्रीमेसी की विचारधारा के साथ-साथ भारतीय मूल के लोगों के खिलाफ हिंसा फैलाने जैसी बातें लिखी हुई थी, जिसके बाद पुलिस ने बड़े पैमाने पर गोलीबारी की इस साजिश को नाकाम करते हुए आरोपी को पकड़ा।

भारत ने अमेरिकी प्रशासन से अपील की है कि वे इस पूरे मामले की गहराई से जांच करें, दोषियों को सख्त सजा दिलाएं और वहां रह रहे भारतीय समुदाय की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए कड़े कदम उठाएं. विदेश मंत्रालय ने कहा, ‘अमेरिका में भारतीयों के खिलाफ बढ़ती नफरत और नस्ली भेदभाव एक गंभीर मुद्दा बनता जा रहा है। ऐसे मामलों में नफरती हिंसा को बिल्कुल भी बर्दाश्त न करने और सख्त कदम उठाने की जरूरत है।

अमेरिकी पुलिस ने आरोपी अलेक्जेंड्रोस पापोरकिस के खिलाफ जांच तब शुरू की, जब उसकी प्लानिंग के बारे में एक शख्स ने पुलिस को जानकारी दी। आरोपी पैलेटाइन इलाके में टैको बेल रेस्टोरेंट में कैशियर का काम करता है। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने शिकायत करने वाले शख्स के साथ मास शूटिंग का एक नक्शा शेयर किया था, जिसमें राइफल, मैगजीन, बॉडी आर्मर और अन्य सैन्य उपकरणों की तस्वीरें भी शामिल थीं। आरोपी ने कथित तौर पर अपने साथ काम करने वाले कर्मचारियों से कहा था कि रविवार का दिन बहुत खास होने वाला है। इस मामले की जांच कर रही पुलिस ने बताया कि रविवार को सुबह आरोपी ने अपने एक सहकर्मी को फोन करके बताया था कि उसकी बंदूक फंस गई थी, इसलिए वह बिना किसी की नजर में आए वहां से बहुत तेजी से निकल आया।

Exit mobile version