उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले की चर्चित राष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी अनुष्का पाल मर्डर केस को लेकर बहुजन समाज पार्टी की प्रमुख मायावती और समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने गहरा दुख व्यक्त किया है। बसपा चीफ मायावती ने इस मामले को लेकर अपने सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर पोस्ट कर इसे अत्यंत दुखद और चिंताजनक बताया, वहीं यूपी के पूर्व सीएम अखिलेश ने इस मामले में सीएम योगी आदित्यनाथ को घेरा।
BSP प्रमुख मायावती ने कहा कि यह वारदात समाज को झकझोर देने वाली है। उन्होंने इस मामले के सभी दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है। मायावती ने लिखा, ‘यूपी के जिला मेरठ की सरधना विधानसभा क्षेत्र के ग्राम चिरोड़ी की लगभग 17 वर्षीय बेटी एवं राष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी अनुष्का पाल की बदमाशों द्वारा की गई हत्या की खबर अत्यंत दुखद एंव चिंताजनक है. यह घटना समाज को झकझोर देने वाली है। मायावती ने आगे लिखा,’सरकार इस जघन्य अपराध में शामिल सभी दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित कर उनके विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई करे, ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके तथा भविष्य में ऐसी घटना की पुनरावृति न हो.’
अखिलेश ने सीएम योगी पर बोला बड़ा हमला
वहीं कन्नौज सांसद ने लिखा कि पश्चिमी उप्र में एशियन गेम्स में चयनित पैरा एथलीट चिराग त्यागी की हत्या, राष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी अनुष्का पाल की हत्या, सूर्या चौहान और एक दूध व्यापारी की हत्या, उप्र की कानून व्यवस्था के ठप होने का प्रतीक है। ‘गृह’ नामक कोई मंत्रालय यूपी में है क्या या अपराधियों के दुस्साहस को देखकर अंडरग्राउंड हो गया है। बता दें कि मेरठ जिले दौराला क्षेत्र के चिरोड़ी गांव की रहने वाली 17 वर्षीय अनुष्का 16 अप्रैल से लापता थी। अनुष्का नेशनल-लेवल की कबड्डी खिलाड़ी थीं और अपने भाई अनमोल के साथ शोभापुर में किराए के मकान में रहकर पढ़ाई कर रही थी. इसके साथ ही अनुष्का का खेल अभ्यास भी चल रहा था। परिजनों ने कंकरखेड़ा थाने में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी।
पुलिस ने उसकी तलाश शुरू कर दी। पुलिस को जांच के दौरान उसका शव एक नाले से बरामद हुआ। हालांकि, अभी शव की DNA प्रोफाइलिंग की जानी बाकी है ताकि पता चल सके कि यह शव वास्तव में अनुष्का का ही है या नहीं।
कैसे पकड़ में आया आरोपी
जांच के दौरान पुलिस ने अनुष्का की कॉल डिटेल और उसकी आखिरी लोकेशन का पता किया. उसकी लोकेशन आखिरी बार श्याम धानक नामक युवक के साथ मिली थी। पुलिस को उसकी गतिविधियां संदिग्ध लगीं और पुलिस ने सख्ती दिखाई तो उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया. श्याम धानक एक फास्ट-फूड विक्रेता का काम करता था और उसने अुनष्का को कुछ पैसे उधार दिए थे। पुलिस के अनुसार, इसी को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ और उसने अनुष्का की हत्या कर दी।

