नोएडा के सेक्टर-4, बी-40 स्थित कैपिटल पावर सिस्टम लिमिटेड फैक्ट्री में तड़के लगभग 4:00 बजे अचानक भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग लगने से फैक्ट्री में काम कर रहे श्रमिकों के बीच भगदड़ की स्थिति बन गई और चारों ओर चीख-पुकार मच गई।
घटना में फैक्ट्री में काम करने वाले कई दर्जन श्रमिक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें जिला सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मजदूरों और स्थानीय लोगों के अनुसार हादसे में कई श्रमिकों की मौत होने की भी आशंका जताई जा रही है, जबकि लगभग 40–45 श्रमिक बुरी तरह घायल बताए जा रहे हैं।
घटना की सूचना मिलते ही सीटू जिला सचिव गंगेश्वर दत्त शर्मा के नेतृत्व में सीटू कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे। वहां मौजूद मजदूरों और आसपास के लोगों ने बताया कि आग लगने के बाद फायर ब्रिगेड की गाड़ियां काफी देर से पहुंचीं, जिसके कारण आग ने विकराल रूप ले लिया।
सीटू जिला सचिव गंगेश्वर दत्त शर्मा ने बताया कि उक्त उद्योग में बिजली के मीटर बनाने का कार्य किया जाता है और यह इंजीनियरिंग उद्योग की श्रेणी में आता है। इंजीनियरिंग उद्योग में ठेकेदारी प्रथा प्रतिबंधित होने के बावजूद इस फैक्ट्री में बड़े पैमाने पर ठेकेदारी के माध्यम से हजारों श्रमिकों से काम कराया जा रहा था, जिनका कोई समुचित रिकॉर्ड कंपनी प्रबंधन द्वारा नहीं रखा जाता था। उन्होंने आरोप लगाया कि कंपनी प्रबंधन द्वारा श्रम कानूनों और सुरक्षा नियमों का खुलेआम उल्लंघन किया जा रहा था, जिसका यह भयावह परिणाम सामने आया है।
सीटू ने प्रदेश सरकार, जिला प्रशासन और श्रम विभाग से इस घटना की उच्चस्तरीय जांच कर दोषी कंपनी प्रबंधकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है। साथ ही घायलों के समुचित इलाज तथा मृतक व घायल श्रमिकों के परिवारों को उचित मुआवजा देने की मांग भी की गई है। सीटू जिला कमेटी गौतम बुद्ध नगर ने चेतावनी दी है कि यदि पीड़ित श्रमिकों को न्याय नहीं मिला और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई तो संगठन इस मुद्दे को लेकर व्यापक आंदोलन करेगा।

