सोनीपत में फोम के एक गोदाम में भीषण आग लगने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। आग की लपटों ने गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया और अंदर रखे फोम के कारण आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। घटना सोनीपत के गांव बरोटा के पास सफियाबाद रोड स्थित लीजेंड पॉलीफॉर्म प्राइवेट लिमिटेड की है, जहां सुबह आग लगी।
इस घटना में तीन लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है, वहीं, आग पर काबू पाने के बाद जब गोदाम के अंदर तलाशी अभियान चलाया गया, तो एसडीआरएफ की टीम को दो कंकाल मिले। एसडीआरएफ टीम के हेड राजेश ने इसकी जानकारी दी है. अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि ये दोनों कंकाल किसके हैं. आग लगने के कारणों और कंकालों की पहचान को लेकर जांच के बाद ही तस्वीर साफ हो पाएगी।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची फायर टीम
सोनीपत के गांव बरोटा के पास सफियाबाद रोड स्थित गोदाम में सुबह आग ने भयानक रूप ले लिया। फोम के गोदाम में सुबह करीब 4 बजे आग लगी और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया. आग की सूचना मिलते ही कुंडली थाना पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का काम शुरू किया गया।
आग इतनी भीषण थी कि गोदाम को काफी नुकसान पहुंचा और गोदाम में लगे टिन शेड के कारण आग बुझाने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ा. इस घटना में दो लोगों के कंकाल और तीन लोगों के गंभीर रूप घायल होने की जानकारी सामने आई है. हालांकि, आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है।
दो कंकाल मिलने के बाद मामला गंभीर
आग लगने के बाद गोदाम दो कंकाल मिलने की खबर सामने आने के बाद मामले ने गंभीर मोड़ ले लिया है. अब इनकी पहचान करना और यह पता लगाना जरूरी है कि क्या आग लगने के समय गोदाम के अंदर कोई मजदूर मौजूद था और क्या कोई व्यक्ति लापता है.
फिलहाल इस घटना में तीन लोगों के गंभीर रूप से घायल होने और एसडीआरएफ की तलाशी के दौरान दो कंकाल मिलने की जानकारी सामने आई है. पुलिस और प्रशासन के सामने अब कंकालों की पहचान करना और आग लगने के कारणों का पता लगाना अहम होगा।

