Site icon Thenews15.in

रेलवे पर ‘पटरी’ से उतरे लालू यादव

 मोदी सरकार पर लगाए गंभीर आरोप,  बोले: ‘अब रेल की पटरियां ही बेच देंगे’?

 पटना। आरजेडी प्रमुख लालू प्रसाद यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सरकार पर रेलवे को लेकर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि पिछले 10 सालों में एनडीए सरकार ने रेल किराया, प्लेटफार्म टिकट का दाम बढ़ाया है, स्टेशन बेच दिए हैं और जनरल डिब्बे कम कर दिए हैं। लालू ने कहा कि बुजुर्गों को मिलने वाली सुविधा भी बंद कर दी गई है।
लालू यादव ने सोशल मीडिया ‘एक्स’ पर लिखा कि सुरक्षा में कमी की वजह से आए दिन हादसे हो रहे हैं। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि इतना सब कुछ होने के बाद भी सरकार कहती है कि रेलवे घाटे में है। कहीं ऐसा ना हो कि अब रेल की पटरियां ही बेच दें। लालू प्रसाद यादव के इस बयान से राजनीतिक गलियारों में हलचल मच गई है।
आरजेडी प्रमुख ने रेल सुरक्षा पर भी सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि सेफ्टी-सिक्यॉरिटी घटाने पर रोज हादसे हो रहे हैं। स्टेशन बेचने के बाद जनरल बोगियां घटा दी गई है, जिससे गरीब यात्रियों को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।
लालू प्रसाद के ट्वीट के बाद सोशल मीडिया पर भी लगातार प्रतिक्रिया आ रही है। उन्होंने लिखा- रेल मंत्री तो लालू प्रसाद यादव हुआ करते थे, अश्विनी वैष्णव तो हादसा मंत्री बनकर रह गए हैं! सामान्य ट्रेन खत्म कर दी, बुजुर्गों का हाफ टिकट खत्म कर दिया। भेड़-बकरियों की तरह सवारियां भरकर जाती हैं, फिर भी सुरक्षित घर नहीं पहुंच पाते?

Exit mobile version