उत्तर प्रदेश में अगले साल होने विधानसभा चुनाव में करणी सेना अपने 50 सीटों पर उम्मीदवार उतारेगी। यह ऐलान करणी सेना के अध्यक्ष सूरजपाल सिंह अम्मू ने शाहजहांपुर में किया। उन्होंने कहा कि हम मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का सम्मान करते हैं, लेकिन करणी सेना किसी की राजनीतिक गुलाम नहीं है।
करणी सेना प्रमुख यहीं नहीं रुके, उन्होंने बीजेपी पर तंज कसते हुए कहा कि हम क्यों न चुनाव लड़ें ? जब आपने राजभर जैसे नालायक को मंत्री बना देते हो, अपना, दल, सपना दल टाइप के लोगों को सीटें देते हो. हमारे साथ सभी बिरादरी के लोग हैं। इसके साथ ही उन्होंने गाय को राष्ट्रमाता घोषित करने की मांग की है। इसके अलावा यूपी में UCC लागू करने की मांग की।
प्रदेश कार्य समिति की बैठक में पहुंचे थे अम्मू
करणी सेना प्रमुख शाहजहांपुर में आयोजित प्रदेश कार्यसमिति बैठक में हिस्सा लेने पहुंचे थे और उन्होंने कार्यकर्ताओं को संगठन की मजबूती के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि अब हम किसी पार्टी के राजनीतिक गुलाम नहीं हैं.हम 50 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारेंगे। इसके साथ ही उन्होंने बीजेपी की क्षेत्रीय पार्टियों को तरजीह देने पर ऐतराज जताया।
प्रदेश में सामान नागरिक संहिता की मांग करते हुए अम्मू ने कहा कि उत्तराखंड और गुजरात में लागू हो चुकी है अब प्रदेश में भी इसे लागू करना चाहिए. इसके साथ ही गाय को राष्ट्र माता घोषित करने की मांग दोहराई। उन्होंने कहा कि अब तो मुस्लिम भी गाय को राष्ट्र पशु घोषित करने की मांग कर रहे हैं।
राजनीतिक ताकत आजमाने का दांव
यूपी विधानसभा से पहले करणी सेना प्रमुख के तेवरों से साफ हो गया है कि वो अब पूरी तरह सामाजिक संगठन से राजनीतिक वजूद चाहते हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री और डीजीपी से अपने कार्यकर्ताओं को परेशान न करने की मांग की। फिलहाल यूपी में 50 सीटों पर उम्मीदवार उतारने के ऐलान से प्रदेश की सियासी सरगर्मी बढ़ चुकी है।

