नई दिल्ली। बीजेपी के नेता कपिल मिश्रा ने सोमवार (13 मई) को आम आदमी पार्टी (आप) के नेताओं को लेकर सनसनीखेज दावा किया। उन्होंने एक्स पर लिखा कि आज सुबह केजरीवाल के घर में स्वाति मालीवाल को पुलिस क्यों बुलानी पड़ी? क्या केजरीवाल के पीए विभव कुमार ने स्वाति मालीवाल की पिटाई की? क्या मुख्यमंत्री का कार्यालय कोई स्पष्टीकरण देगा? ईश्वर करें मुख्यमंत्री के घर में महिला राज्यसभा सांसद की पिटाई की खबर झूठी हो।
उन्होंने कहा, ”स्वाति मालीवाल की केजरीवाल के कहने पर नौकर विभव द्वारा पिटाई। अगर ये सच है तो देश में किसी भी CM हाउस में इतना बड़ा पाप पहले कभी नहीं हुआ। केजरीवाल ने स्वाति को क्यों पिटवाया ? काश ये खबर झूठ हो. अगर सच है तो हम स्वाति मालीवाल को अकेला नहीं पड़ने देंगे , न्याय दिलायेंगे.”
वहीं दिल्ली पुलिस के सूत्रों ने बताया कि जैसे ही दिल्ली पुलिस की पीसीआर वैन मुख्यमंत्री आवास पर पहुंची तो राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल ने पीसीआर स्टाफ को कहा कि वह बाद में लिखित शिकायत देंगी. इतना कहकर राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल सीएम हाउस से चली गई।
सूत्रों ने बताया कि पुलिस को कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है. सूत्रों ने बताया कि पीसीआर में दो कॉल की गई. पहली कॉल 9:31 पर की गई, जबकि दूसरी कॉल 9:39 पर गई. पहली कॉल में उन्होंने कहा कि पीए ने पीटा. फिर दूसरी कॉल में बोला गया कि पीए से पिटवाया गया। दिल्ली पुलिस ने इस बात की पुष्टि की है कि कॉल स्वाति मालीवाल ने ही की थी. पुलिस का कहना है कि स्वाति सिविल लाइन थाने आई थीं,उन्होंने घटना के बारे में बताया है। हम वेरिफाई कर रहे हैं।






