सैदपुर चौक पर जलजमाव
मुजफ्फरपुर/समस्तीपुर। समस्तीपुर जिला के पूसा-सैदपुर मुख्य पथ से होकर मुजफ्फरपुर जिले के बन्दरा प्रखण्ड के मतलुपुर स्थित अतिप्राचीन मंदिर बाबा खगेश्वरनाथ मंदिर सावन की सोमवारी को आने वाले शिव श्रद्धालुओं को जर्जर पथ परेशान कर रहा है।सैदपुर चौक के पास गड्ढ़ेयुक्त जर्जर सड़क पर सामान्य दिनों में भी जलजमाव लगा रहता है,लेकिन मानसून एवं सावन की शुरुआती बारिश ने इस चहुमुहानी सड़क के पास सैदपुर-तेपरी-मतलुपुर पथ के एंट्री स्थल पर ही खतरनाक एवं नारकीय स्थिति पैदा कर दी है। स्थानीय लोगों ने बताया कि वे लोग खगेश्वर नाथ मंदिर जाने-आने के लिए अतिरिक्त दूरी तय कर सखौरा-पटसारा मुख्य पथ से घूमकर जाते हैं।सैदपुर पथ में प्रायः बाइक,टोटो आदि पलटने की घटना हो रही है। शिकायतों के बाबजूद स्थानीय विधायक-सांसद या अधिकारी गम्भीर नहीं है।सालों से यहां नारकीय स्थिति है और सड़क निर्माण की मांग की जा रही है। यह स्थल पड़ोसी समस्तीपुर जिले के कल्याणपुर प्रखण्ड एवं विधानसभा क्षेत्र में है,लेकिन इससे बन्दरा प्रखण्ड के पूर्वी सीमा क्षेत्रों सहित मुजफ्फरपुर-समस्तीपुर जिला क्षेत्र के सीमावर्ती इलाकों की बड़ी आबादी की यातायात प्रभावित है। सैदपुर हाट-बाजार में भी नियमित एवं रोजाना इन क्षेत्रों से लोग आते-जाते हैं।

